सैलजा की फोटो न लगाने वाले विधायकों पर कार्रवाई होगी 

 
सैलजा की फोटो न लगाने वाले विधायकों पर कार्रवाई होगी 

वोट चोर-गद्दी छोड़ अभियान के तहत कांग्रेस सभी जिलों में प्रदर्शन कर रही है। 18 नवंबर को हिसार में हुए कार्यक्रम में कांग्रेस विधायकों द्वारा पोस्टरों पर सांसद कुमारी सैलजा की फोटो नहीं लगाई गई। यही नहीं मंच संचालन को लेकर भी हिसार कांग्रेस के 2 अध्यक्ष सार्वजनिक तौर पर भिड़ गए। दोनों ही मामलों की शिकायत कांग्रेस अनुशासन समिति के पास पहुंची है।

समिति के चेयरमैन पूर्व सांसद धर्मपाल मलिक ने कहा- "प्रोटोकॉल में जिन नेताओं की फोटो बैनर पर लगाना अनिवार्य किया गया है, उनमें कुमारी सैलजा भी हैं। ऐसे में उनकी फोटो बैनर पर न लगाने अनुशासनहीनता है। अनुशासनहीनता किसी भी रूप में बर्दाश्त नहीं की जाएगी, चाहे कोई छोटा नेता शामिल हो या बड़ा पदाधिकारी।

उन्हें मीडिया के माध्यम से हिसार के घटनाक्रम की जानकारी मिली। उन्होंने पूरे मामले को लेकर हरियाणा कांग्रेस के अध्यक्ष राव नरेंद्र से बातचीत की है। 22 नवंबर को अंबाला में अनुशासन कमेटी की बैठक में इस पर कार्रवाई होगी।"

8 नवंबर को हिसार में हुए कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस के जिन 3 नेताओं ने बैनरों में कुमारी सैलजा की फोटो नहीं लगाई थी, उनमें नारनौंद विधायक जस्सी पेटवाड़, उकलाना विधायक नरेश सेलवाल और आदमपुर विधायक चंद्रप्रकाश शामिल हैं। ये विधायक हुड्डा खेमे के माने जाते हैं। विधानसभा चुनाव के दौरान नारनौंद में जस्सी पेटवाड़ की सभा के दौरान ही कुमार सैलजा पर जातीय टिप्पणी से मामला बिगड़ा था। जिससे नाराज कुमारी सैलजा प्रचार सभाओं से दूर हो गईं थी। विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की हार में एक बड़ी वजह यह भी रही।

हांसी से कांग्रेस उम्मीदवार रहे राहुल मक्कड़ मौके पर पहुंचे और मामला शांत कराया। एससी सेल के जिला शहरी अध्यक्ष सोनू लंकेश ने कांग्रेस प्रदेश प्रभारी बीके हरि प्रसाद, प्रदेशाध्यक्ष राव नरबीर और सांसद दीपेंद्र हुड्‌डा को शिकायत भेजी है। जिसमें आरोप है कि हिसार ग्रामीण जिलाध्यक्ष बृजलाल बहबलपुरिया ने माइक छीन लिया।