एडीसी ने केएम स्कूल से हरी झंडी दिखाकर किया स्वच्छता रैली को रवाना
भिवानी।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के उपलक्ष्य में सेवा पखवाड़ा का आयोजन किया जा रहा है। इस अभियान के दौरान विभिन्न गतिविधियों के साथ सफाई अभियान चलाया जा रहा है।
इसी कड़ी में नगर परिषद प्रशासन ने बुधवार को डीसी साहिल गुप्ता के मार्गदर्शन में केएम स्कूल से स्वच्छता रैली निकाली। एडीसी दीपक बाबू लाल करवा ने स्वच्छता रैली को हरी झंडी दिखाकर कर रवाना किया। एडीसी ने केएम स्कूल परिसर में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
स्वच्छता रैली को रवाना करते हुए एडीसी करवा ने शहरवासियों से स्वच्छता अपनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि शहर को स्वच्छ रखने में नगर परिषद प्रशासन का सहयोग करें। इधर-उधर गंदगी ना डालें। उन्होंने नागरिकों से शहर को गंदगी से मुक्त बनाने के लिए श्रमदान व सहयोग करने का आह्वान किया। इस दौरान एडीसी करवा ने झाड़ू लगाकर स्वच्छता का संदेश दिया।
स्वच्छता रैली हांसी गेट से शुरू होकर घंटाघर होते हुए बीटीएम चौक पर संपन्न हुई। स्वच्छता रैली में केएम पब्लिक स्कूल, पीएम राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय भिवानी, राजकीय कन्या विद्यालय भिवानी, राजकीय कन्या लोहड़, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय ढाणी हनुमान, एसआरएस स्कूल भिवानी, वैश्य मॉडल इंटरनेशनल विद्या विहार, जी लिट्रा, आर्य कन्या हाई स्कूल, केसीएम आर्मी स्कूल, हैप्पी पब्लिक स्कूल, उत्तमी बाई स्कूल, डीएवी पब्लिक स्कूल पुलिस लाइन व एनसीसी के विद्यार्थी शामिल हुए।
विद्यार्थियों ने स्वच्छता के बैनर व स्लोगन आदि के माध्यम से शहरवासियों को स्वच्छता बारे जागरूक किया। विद्यार्थियों ने नागरिकों से शहर को गंदगी से मुक्त बनाने के लिए श्रमदान करने का भी आह्वान किया।
इस दौरान जिला शिक्षा अधिकारी निर्मला दहिया, प्रमुख समाजसेवी नंदकिशोर अग्रवाल, सफाई निरीक्षक विकास देशवाल और स्वच्छ भारत मिशन टीम लीडर सन्नी शर्मा, सुभाष भारद्वाज, अनिल गौड, डॉ. मुरलीधर शास्त्री, रेनू सैनी प्राचार्या, नीलम गौतम, नीरज शर्मा, प्रवीण कटवाली, नंद किशोर अग्रवाल ने भी श्रमदान कर स्वच्छता अभियान में भाग लिया।
दो अक्टूबर तक चलाया जाएगा विशेष सेवा पखवाड़ा स्वच्छता अभियान
जिला नगर आयुक्त गुलजार मलिक ने शहरवासियों से अपील करते हुए कहा है कि शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने में नागरिकों का सहयोग जरूरी है। कूड़ा उठाने के लिए घर-घर ऑटो टिपर जा रहे हैं, अपने घर का कचरा उसी में डालें। नागरिक शहर को गंदगी मुक्त बनाने में सहयोग कर कूड़ा-कचरा को गली व अन्य सार्वजनिक स्थान, सडक़ किनारे आदि स्थानों पर ना फेंके।

