भिवानी में ADGP बोले-अपनी सेहत का ध्यान रखें पुलिसकर्मी
भिवानी।
अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक हरदीप सिंह दून, आईपीएस ने आज जिला भिवानी का दौरा किया। अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक महोदय को पुलिस अधीक्षक भिवानी सुमित कुमार के द्वारा स्वागत किया गया। इसके बाद अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक महोदय को सलामी दी गई।
इस दौरान उन्होंने भिवानी पुलिस लाईन में पुलिस कंपनी का निरीक्षण किया तथा पुलिस लाइन भिवानी के प्रशासनिक भवन के कॉन्फ्रेंस हॉल में अधिकारियों व पुलिसकर्मियों से कानून व्यवस्था डायल 112 लॉ एंड ऑर्डर से संबंधित विषयों पर संवाद किया व आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए।
एडीजीपी दून ने कहा कि हरियाणा पुलिस हर प्रकार के अपराध से प्रभावी ढंग से निबटने में सक्षम है और प्रदेश में अपराध के आंकड़ों में उल्लेखनीय कमी दर्ज की गई है। उन्होंने ईआरएसएस प्रणाली की सराहना करते हुए कहा कि आपातकालीन कॉल आने पर त्वरित रिसपांस ही जनता का भरोसा मजबूत करता है।
निरीक्षण के दौरान एडीजीपी ने पुलिसकर्मियों को संदेश देते हुए कहा कि कॉल मिलने पर तुरंत प्रतिक्रिया दें, आम नागरिकों की बात धैर्यपूर्वक सुनें, अपनी सेहत का ध्यान रखें और गुड पुलिसिंग को प्राथमिकता दें।
उन्होंने सोशल मीडिया व सड़कों पर हुल्लड़बाजी करने वालों पर कड़ी निगरानी रखने तथा अनुशासन बनाए रखने के निर्देश भी दिए।
एडीजीपी दून ने बताया कि जल्द ही हरियाणा के पुलिस महानिदेशक अजय सिंघल भिवानी का दौरा करेंगे। उन्होंने भिवानी के पुलिस कप्तान सहित स्थानीय पुलिस अधिकारियों की कार्यप्रणाली की सराहना की।
इसके अतिरिक्त एडीजीपी ने जिले के सभी एसएचओ व डीएसपी को अपने-अपने थाना क्षेत्रों में सीसीटीवी कैमरे लगाने तथा डीवीआर को सुरक्षित रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अपराधों का पता लगाने और अपराधियों की पहचान में सीसीटीवी कैमरे अहम भूमिका निभाते हैं।
दौरे के अंत में एडीजीपी हरदीप सिंह दून ने भिवानी पुलिस के प्रयासों की प्रशंसा करते हुए कानून-व्यवस्था को और सुदृढ़ करने के लिए निरंतर सतर्कता बनाए रखने का आह्वान किया।

