हरियाणा में 5 दिन बाद मौसम साफ, अधिकतर जिलों में धूप निकली; आज 3 जिलों में बारिश का अलर्ट

 
हरियाणा में 5 दिन बाद मौसम साफ, अधिकतर जिलों में धूप निकली; आज 3 जिलों में बारिश का अलर्ट

हरियाणा में 5 दिन लगातार बारिश के बाद आज (2 जुलाई) मौसम साफ हो गया है। हिसार, गुरुग्राम समेत अधिकतर जिलों में धूप निकली हुई है। 24 जून को मानसून एक्टिव होने के बाद 28 तारीख से लगातार प्रदेश के अधिकतर हिस्सों में बारिश हो रही थी।

मौसम विज्ञान विभाग केंद्र चंडीगढ़ (IMD) ने 5 जुलाई तक का बारिश की संभावना जताई है। आज 3 जिलों अंबाला, पंचकूला व यमुनानगर में 50-75 प्रतिशत हो सकती है। बाकी 19 जिलों में 25-50 प्रतिशत तक बरसात की संभावना है।

1 जून से अब तक 82.3 मिमी. बारिश हुई है, जो सामान्य से 42% ज्यादा है। इस अवधि में 57.8 मिलीमीटर बारिश सामान्य होती है। पिछले 24 घंटे में 11 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है।

मंगलवार रात कुरुक्षेत्र के नैसी गांव में मारकंडा नदी का तटबंध टूट गया। इस कारण गांव के खेतों में पानी घुस गया और फसलें डूब गईं। 

मंगलवार (1 जुलाई) को 9 जिलों, भिवानी, गुरुग्राम, पानीपत, झज्जर, रेवाड़ी, जींद, महेंद्रगढ़, चरखी दादरी और सोनीपत में बारिश हुई। इस दौरान हिसार में आसमानी बिजली गिरने से खेत में काम कर रहे मजदूर की मौत हो गई, जबकि साथी झुलस गया।

भिवानी में बारिश से सड़कों-गलियों में इतना पानी भरा कि पूर्व CM बंसीलाल की पुत्रवधू भाजपा सांसद किरण चौधरी और उनकी मंत्री बेटी श्रुति चौधरी की कोठी में भी पानी घुस गया।

चरखी दादरी के DC मुनीश शर्मा और SP अर्श वर्मा के सरकारी निवास के बाहर भी भारी जलभराव हो गया, जिसके बाद पानी उनके आवास में घुस गया। यहां तूफान से किसान का टीन शेड उड़ गया और मलबे में बाइक दब गई।

  • 3 जुलाई: 6 जिलों पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, करनाल, पानीपत व सोनीपत में 50-75 प्रतिशत और बाकी जिलों में 25-50 प्रतिशत तक बरसात हो सकती है।
  • 4 जुलाई: 9 जिलों सिरसा, फतेहाबाद, पंचकूला, यमुनानगर, हिसार, भिवानी, चरखी दादरी, महेंद्रगढ़ व रेवाड़ी में 50-75 प्रतिशत बारिश हो सकती है। 13 जिलों अंबाला, कुरुक्षेत्र, कैथल, जींद, करनाल, पानीपत, सोनीपत, रोहतक, झज्जर, गुरुग्राम, पलवल, मेवात व फरीदाबाद में 25-50 प्रतिशत तक बरसात होने की संभावना है।
  • 5 जुलाई: 8 जिलों यमुनानगर, अंबाला, फतेहाबाद, हिसार, भिवानी, चरखी दादरी, महेंद्रगढ़ व रेवाड़ी में 50-75 प्रतिशत और 14 जिलों पंचकूला, सिरसा, पलवल, मेवात, फरीदाबाद, गुरुग्राम, झज्जर, रोहतक, जींद, पानीपत, सोनीपत, करनाल, कैथल व कुरुक्षेत्र में 25-50 प्रतिशत बरसात की संभावना है।
  • प्रदेश के अधिकतम तापमान में मंगलवार को 0.4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। अधिकतम तापमान सामान्य से 5.2 डिग्री सेल्सियस नीचे पहुंच गया है। सबसे गर्म जिला सिरसा रहा। सिरसा का अधिकतम तापमान 35.2 डिग्री सेल्सियस मापा गया।