पुलिस को कॉल कर पति बोला- मैंने बीवी को मार डाला, लाश पड़ी है, आ जाओ 

 
पुलिस को कॉल कर पति बोला- मैंने बीवी को मार डाला, लाश पड़ी है, आ जाओ 

सिरसा में शनिवार अलसुबह पति ने सोते वक्त पत्नी की गर्दन काटकर हत्या कर दी। इसके बाद पुलिस को कॉल कर कहा कि मैंने पत्नी को मार डाला है, आकर देख लो, लाश घर में पड़ी है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची तो उसे आंगन में चारपाई पर महिला की डेडबॉडी पड़ी मिली।

गर्दन धड़ से अलग थी। बराबर में ही आरोपी पति बैठा था। पास ही वारदात में प्रयोग किया गया हथियार पड़ा था।

पुलिस ने आरोपी से पूछा कि हत्या क्यों की तो चुप रहा। कैसे की तो बोला कि मैंने अपनी आंखें बंद कर ली और जोर लगाकर कस्सी मार दी। एक बार में गर्दन शरीर से अलग हो गई। इस पूछताछ के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।

 मृतका की पहचान गांव रामपुरा ढिल्लो निवासी माया देवी (35) के रूप में हुई। उसका पति रोहताश नाथुसरी चौपटा एरिया में क्रशर, बजरी की दुकान में मजदूरी करता है। मकान 5 से 6 मरले में बना हुआ है, जिसमें 3 कमरे और ऊपर एक चौबारा है। आरोपी रोहताश शुक्रवार शाम को काम से घर आया था।

शनिवार रात को दोनों पति-पत्नी घर के आंगन में खुले में सोए हुए थे, जबकि 18 साल का बड़ा बेटा अजय और 16 साल का छोटा मकान की छत पर सोए हुए थे।

पुलिस के मुताबिक, शनिवार अल सुबह 4 बजे उसने हत्या का अंजाम दे दिया। इसके बाद उसने सबसे पहले पुलिस को कॉल किया। इसके बाद गांव के सरपंच रविल सिंवर को भी कॉल कर हत्या की जानकारी दी। सरपंच के मुताबिक, रोहताश ने पत्नी की हत्या करने की बात बताई तो वह एकदम स्तब्ध रह गया। इसके बाद तुरंत ही रोहताश के घर पहुंचा, जहां पुलिस पहले ही पहुंच गई थी। 

 पुलिस के मुताबिक, माया देवी तकिया लगाकर चारपाई पर सोई थी। रोहताश ने कस्सी के एक ही वार में उसकी गर्दन काटकर धड़ से अलग कर दी थी। जब पुलिस पहुंची, तभी उसका बड़ा बेटा छत से उठकर नीचे आंगन में आया था। मां को खून से लथपथ देख वह रो पड़ा। पुलिसकर्मियों ने उसे संभाला। इसके बाद छत से छोटे बेटे को भी नीचे लाया गया।

 ग्रामीणों के अनुसार रोहताश नशे का आदी भी नहीं था और न ही शाम को किसी ने उनके घर से झगड़े की आवाज सुनी। जब सुबह पुलिस पहुंची तो उन्हें हत्या का पता चला। माया की डेडबॉडी देखकर सब हैरान रह गए। उन्होंने बताया कि पूरा परिवार हंसमुख था। उन्हें कभी ऐसा नहीं लगा कि रोहताश भी ऐसा कर देगा।

 ग्रामीणों के अनुसार माया देवी अपने घर के कामकाज के साथ-साथ दुकान भी करती थी। आरोपी रोहताश ने करीब 8 साल पहले खुद ही माया को घर पर किराने की दुकान करवाई थी, जिसमें साथ ही मनियारी का सामान भी रखवाया था। दोनों मिलकर घर का खर्च चला रहे थे। दोनों के बीच कभी लड़ाई झगड़ा होते नहीं देखा।

 मृतका का मायका सिरसा जिले के गांव महमदपुरिया में है। नाथुसरी थाना प्रभारी राजकुमार ने बताया कि हत्या के बाद महिला के परिजनों को सूचना दे दी है। साथ ही शव को पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल भेज दिया। सूचना पर फोरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंच गई और घर के अंदर से हत्या के सबूत जुटाए। इसके बाद मकान को लॉक कर दिया गया।