जल संचय के लिए सभी विभाग मिलकर कार्य करें: डीसी
भिवानी
डीसी साहिल गुप्ता की अध्यक्षता में लघु सचिवालय स्थित डीआरडीए सभागार में जल जीवन मिशन और जल संचयन एवं जन भागीदारी अभियान की समीक्षा बैठक आयोजित हुई। डीसी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे जल संचय के लिए आपसी तालमेल के साथ कार्य करें। पानी की एक-एक बूंद बचाना जरूरी है। उन्होंने विभागों को दिए गए टारगेट को समय पर पूरा करने के निर्देश दिए।
डीसी ने सिंचाई विभाग, पंचायत विभाग, जन स्वास्थ्य विभाग, शिक्षा विभाग, पंचायती राज व कृषि विभाग आदि प्रमुख विभागों के साथ अभियान की समीक्षा की। डीसी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे टारगेट पूरा करने के साथ-साथ आमजन को भी पानी की बचत व संचय करने के बारे में जागरूक करें। उन्होंने निर्देश दिए कि पानी संचय के प्राकृतिक स्रोतों का जीर्णोद्धार करना जरूरी है। इसके अलावा पोंड आदि बनाने के टारगेट को निर्धारित समय पर पूरा किया जाए।
- जल सेवा आंकलन अभियान के बारे में निर्देश
डीसी गुप्ता ने जल सेवा आंकलन अभियान के बारे में निर्देश देते हुए बताया कि जनस्वास्थ्य विभाग के तहत चलने वाले इस अभियान में गांवों में पानी आपूर्ति की मौजूदा स्थिति की जानकारी जल जीवन मिशन पोर्टल पर डाली जाएगी। इसमें विभाग के कर्मचारियों के अलावा पंचायत विभाग के कर्मचारियों का सहयोग लिया जाएगा, जो कि गांव में पानी की खपत, आपूर्ति, पेयजल कनेक्शन आदि का सर्वे करेंगे।
बैठक में सीईओ जिला परिषद अजय चौपड़ा, वन राजिक अधिकारी डॉ. राजेश वत्स, कृषि विभाग के उपनिदेशक डॉ. विनोद फोगाट, डीडीपीओ सोमबीर कादयान, पीओआईसीडीएस वैशाली, पंचायतराज विभाग के कार्यकारी अभियंता संभव जैन, जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी और सिंचाई विभाग सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

