पंजाब एंड हरियाणा बार काउंसिल के चुनाव को लेकर सभी तैयारियां पूरी: डीसी
भिवानी।
पंजाब एंड हरियाणा बार काऊंसिल के 18 मार्च को होने वाले चुनाव को लेकर डीसी साहिल गुप्ता की अध्यक्षता में वीसी रूम में संबंधित विभागों के अधिकारियों की एक बैठक आयोजित हुई।
बैठक में डीसी ने चुनाव को निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न करवाने को लेकर जरूरी निर्देश दिए।
उन्होंने बताया कि बार काउंसिल का चुनाव 18 मार्च को निर्धारित है। मतदान सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक होगा। चुनाव प्रक्रिया को सुचारू रूप से संपन्न करवाने के लिए 16 मार्च को पोलिंग पार्टियों को चुनाव से संबंधित ट्रेनिंग करवाई जाएगी।
इसके बाद 17 मार्च को ट्रेजरी के सामने सभी पोलिंग पार्टियों को चुनाव सामग्री दी जाएगी और उनको निर्धारित स्थानों के लिए रवाना किया जाएगा ताकि 18 मार्च को मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न करवाई जा सके। उन्होंने बताया कि भिवानी में 2112 वोट हैं, जबकि लोहारू में 160 तथा तोशाम में 89 वोट हैं। मतदान के लिए जिला में तीन पोलिंग बूथ भिवानी में और एक-एक पोलिंग बूथ तोशाम और लोहारू में बनाया गया है। सिवानी बार के मतदाता हिसार में मतदान करेंगे। उन्होंने बताया कि मतदान के बाद बैलेट बॉक्स भिवानी लाए जाएंगे और उसी दिन चंडीगढ भेजे जाएंगे।
वहीं दूसरी ओर हरियाणा के मुख्य चुनाव अधिकारी ए-श्रीनिवासन ने वीसी के माध्यम से बार काऊंसिल के चुनाव को लेकर जरूरी निर्देश दिए। डीसी ने श्रीनिवासन को बताया कि मतदान को शांतिपूर्वक ढंग से संपन्न करने के लिए ड्यूटी मजिस्ट्रेट नियुक्त कर दिए गए हैं। मतदान शांतिपूर्वक ढंग से संपन्न करवाया जाएगा।
इस दौरान एसडीएम महेश कुमार, डीएमसी गुलजार मलिक, एसडीएम तोशाम प्रदीप अहलावत, डीएसपी अनूप कुमार, तहसीलदार जयबीर सिंह और चुनाव कार्यालय के अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।

