PM Narendra Modi Birthday Special: अंबाला में आयोजित नमो रन में उमड़ी युवाओं की भीड़, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का आह्वान

पीएम मोदी के जन्मदिन पर अंबाला में 'नशा मुक्त हरियाणा नमो रन' का आयोजन। सीएम नायब सिंह सैनी ने युवाओं को नशे से दूर रहने की दिलाई शपथ।
 
Nasha Mukt Haryana campaign

अंबाला : अंबाला में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर सेवा संकल्प कार्यक्रम के तहत नशा मुक्त हरियाणा नमो रन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। इस मौके मुख्यमंत्री ने पौधारोपण करते हुए ग्रीन हरियाणा का संदेश दिया। 

मुख्यमंत्री ने युवाओं को नशे से दूर रहने का प्रण दिलाया। इसके पश्चात मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने हरी झंडी दिखाकर नशा मुक्त हरियाणा नमो रन की शुरुआत की। इस दौरान बड़ी संख्या में युवाओं और प्रतिभागियों ने दौड़ में हिस्सा लेकर नशे के खिलाफ जागरूकता का संदेश दिया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने हरियाणा की जनता की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिन की बधाई दी। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने का आह्वान करते हुए कहा कि नशा न केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को प्रभावित करता है, बल्कि परिवार और समाज पर भी इसके गंभीर दुष्परिणाम पड़ते हैं।

मुख्यमंत्री ने युवाओं से स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और खेलों से जुड़ने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि नशे के खिलाफ जागरूकता और सामूहिक प्रयासों से ही समाज को नशा मुक्त बनाने की दिशा में आगे बढ़ा जा सकता है। अपने संबोधन में नायब सिंह सैनी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्षों का भी उल्लेख किया। उन्होंने प्रधानमंत्री के लंबे सार्वजनिक जीवन को जनता के प्रति समर्पण के रूप में बताया। नशा मुक्त हरियाणा के संदेश के साथ आयोजित इस नमो रन ने युवाओं को नशे से दूर रहने और स्वस्थ जीवन अपनाने का संदेश दिया।