Ambala Independence Day Preparations: स्वतंत्रता दिवस से पहले अंबाला में तेज बारिश, स्वतंत्रता दिवस समारोह के आयोजन पर छाया संकट!
अंबाला : अंबाला में आज दोपहर में मौसम ने करवट ली और शहर में जमकर बारिश हुई। झमाझम बारिश के चलते जहां लोगों को गर्मी से राहत मिली, वहीं समारोह की तैयारियों पर बारिश का असर पड़ने की संभावना है। अंबाला के पुलिस लाइन मैदान में स्वतंत्रता दिवस का मुख्य कार्यक्रम आयोजित होना है और कार्यक्रम को लेकर तैयारियां लगातार जारी हैं।
अंबाला में हुई तेज बारिश के कारण पुलिस लाइन मैदान में पानी और कीचड़ की स्थिति बन सकती है। ऐसे में स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम के लिए तैयार किए जा रहे मैदान को लेकर प्रशासन के सामने चुनौती खड़ी हो सकती है। पुलिस लाइन मैदान में कार्यक्रम को लेकर मंच, बैठने की व्यवस्था और अन्य तैयारियां चल रही हैं, लेकिन अचानक हुई झमाझम बारिश ने तैयारियों के बीच खलल डाल दिया है।
अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि बारिश के बाद मैदान की स्थिति कैसी रहती है और कार्यक्रम से पहले मैदान को पूरी तरह तैयार कैसे किया जाता है। प्रशासन की ओर से मैदान को सुखाने और व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने के लिए जरूरी इंतजाम किए जाने की उम्मीद है। फिलहाल अंबाला में बारिश का दौर जारी है और सभी की नजरें पुलिस लाइन मैदान पर हैं, जहां स्वतंत्रता दिवस समारोह को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में चल रही हैं।

