हरियाणा में गुस्साए यात्रियों ने वंदेभारत रोकी 

 
हरियाणा में गुस्साए यात्रियों ने वंदेभारत रोकी 

हरियाणा के अंबाला में ट्रेन लेट होने से गुस्साए यात्रियों ने वंदेभारत एक्सप्रेस रोक दी। वह जनरल टिकट पर ही जबरदस्ती वंदेभारत में चढ़ना चाहते थे जबकि इसमें बिना रिजर्वेशन यात्रा नहीं की जा सकती है।

रेलवे कर्मचारियों ने उन्हें रोका तो यात्री ट्रैक पर उतर आए और वंदेभारत के आगे खड़े होकर उसे चलने नहीं दिया। करीब 20 मिनट तक स्टेशन पर जमकर हंगामा हुआ। इसी दौरान दूसरे ट्रैक पर दुर्ग एक्सप्रेस आई तो यात्रियों ने उसे भी रोक दिया।

इसके बाद रेल अधिकारियों ने यात्रियों को समझाकर किसी तरह वंदेभारत और उधमपुर से आई दुर्ग एक्सप्रैस को 18 मिनट की देरी से वहां से रवाना किया। यात्रियों का आरोप है कि ट्रेन लेट होने की वजह से वह ड्यूटी पर टाइम से नहीं पहुंच पा रहे। 

 रेलवे की तरफ से अंबाला से हिमाचल प्रदेश के इंदौरा (कांगड़ा) के लिए लोकल रूट पर मेमू (MEMU) ट्रेन (64563) चलाई जाती है। यह ट्रेन अंबाला कैंट से वाया चंडीगढ़ होकर इंदौरा आती-जाती है। चंडीगढ़ में नौकरी करने वाले या PGI में इलाज के लिए जाने वाले लोग इसी में जाते हैं।

 6 दिन पहले रेलवे ने इस ट्रेन को अंबाला से एक्सटेंड कर हिसार के रायपुर तक कर दिया। जिसके बाद ट्रेन अब वाया चंडीगढ़ और अंबाला कैंट होते हुए हिसार के रायपुर से हिमाचल के इंदौरा तक चलने लगी। यात्रियों का कहना है कि इस ट्रेन का अंबाला कैंट में पहुंचने का समय सुबह 7.30 बजे का है। जिसमें बैठकर वह ड्यूटी पर चले जाते थे।

यात्रियों ने कहा कि चूंकि यह लोकल ट्रेन है, इसलिए इस पर सुपरफास्ट और एक्सप्रेस ट्रेनों को तरजीह दी जाती है। इसे रोककर उनका रूट क्लियर करा दिया जाता है। जिस वजह से यह ट्रेन लगातार लेट हो रही थी। कल (22 मई) यह ट्रेन 15 से 20 मिनट लेट हुई। जिसके बाद भी यात्रियों ने प्लेटफॉर्म पर हंगामा किया। उनका कहना था कि ट्रेन में देरी की वजह से वह टाइम पर ड्यूटी पर नहीं पहुंच पाते।  यात्रियों के मुताबिक आज (23 मई) यह लोकल ट्रेन 3 घंटे लेट हो गई। जिस वजह से वह ड्यूटी पर नहीं जा सके। सुबह करीब 8 बजे नई दिल्ली से इंदौरा जाने वाली वंदेभारत एक्सप्रेस (22447) अंबाला कैंट रेलवे स्टेशन पर पहुंची। लोकल ट्रेन लेट होने की वजह से यात्रियों ने कहा कि उन्हें वंदेभारत में ही जाने दिया जाए। वह भी वाया चंडीगढ़ होकर जाती है।

हालांकि वंदेभारत रिजर्वेशन वाली ट्रेन है, इस वजह से रेलकर्मियों ने इनकार कर दिया।

 दैनिक यात्री सुनील, धर्मवीर व ललित आदि ने बताया कि लोकल ट्रेन के देरी से आने के कारण वह अपनी ड्यूटी पर लेट हो रहे थे। शुक्रवार को भी उनकी ट्रेन को बीच रास्ते रोककर नई दिल्ली-इंदौरा वंदेभारत को पास करवाया गया। इससे उनकी ट्रेन फिर लेट हो गई।

इसके बाद यात्री भड़क उठे। उन्होंने जबरन वंदेभारत का गेट खोलने की कोशिश की। जब वे कामयाब नहीं हुए तो सभी यात्री रेलवे ट्रैक पर उतर आए। उन्होंने नारेबाजी करते हुए हंगामा शुरू कर दिया। यहां वंदेभारत का 2 मिनट का स्टॉपेज है। जब ट्रेन को चलाने की कोशिश हुई तो यात्री उसके आगे खड़े हो गए। उन्होंने वंदेभारत को आगे नहीं जाने दिया। मौके पर हंगामा मचते ही पुलिस और रेलवे के अधिकारी पहुंच गए।

बताई। जिसके बाद रेल अधिकारियों ने कहा कि कल से वह लोकल ट्रेन को समय पर चलाएंगे ताकि यात्रियों को किसी तरह की मुश्किल न हो। कुछ देर की बहस के बाद यात्री मान गए और उन्होंने रेलवे ट्रैक खाली कर दिया।