एंटी नारकोटिक सेल भिवानी ने 6.92 ग्राम हेरोइन सहित आरोपी गिरफ्तार
पुलिस अधीक्षक भिवानी सुमित कुमार के दिशा-निर्देशों में जिला पुलिस द्वारा नशा तस्करों के विरुद्ध लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इन्हीं निर्देशों की अनुपालना में एंटी नारकोटिक सेल भिवानी ने एक आरोपी को मादक पदार्थ हेरोइन सहित गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।
दिनांक 04.02.2026 को एंटी नारकोटिक सेल भिवानी के सहायक उप निरीक्षक श्री राजेश कुमार अपनी टीम के साथ गश्त व पड़ताल ड्यूटी के दौरान बस अड्डा गांव शेरला क्षेत्र में मौजूद थे। इसी दौरान पुलिस टीम को विश्वसनीय सूत्रों से सूचना प्राप्त हुई कि एक व्यक्ति बलेनो गाड़ी में सवार होकर बहल ओबरा रोड, बिधनोई पर मादक पदार्थ बेचने की फिराक में खड़ा है।
सूचना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए बताए गए स्थान पर रेड की गई, जहां से एक व्यक्ति को काबू कर उसके कब्जे से 6.92 ग्राम मादक पदार्थ हेरोइन बरामद की गई। पुलिस टीम ने आरोपी की बलेनो कार को भी पुलिस कब्जे में ले लिया।
गिरफ्तार किए गए आरोपी की पहचान सुनील उर्फ नीटू पुत्र मदनपाल निवासी धारवाणबास के रूप में हुई है।
आरोपी के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत अभियोग दर्ज कर थाना बहल में मामला पंजीबद्ध किया गया है।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने बताया कि वह यह मादक पदार्थ ढाणी पीरावाली, जिला हिसार से खरीद कर लाया था। आरोपी के विरुद्ध पहले भी एनडीपीएस एक्ट, आबकारी अधिनियम तथा लड़ाई-झगड़े के कुल 04 मुकदमे दर्ज पाए गए हैं।
आरोपी को आज माननीय न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड प्राप्त किया जाएगा, ताकि रिमांड अवधि के दौरान उससे मादक पदार्थ की सप्लाई चेन के संबंध में गहन पूछताछ की जा सके।
जिला पुलिस भिवानी नशा तस्करों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई जारी रखे हुए है और भविष्य में भी इस प्रकार की कार्रवाई लगातार अमल में लाई जाएगी।

