हरियाणा राज्य स्तरीय महिला पुरस्कार के लिए आवेदन 15 दिसंबर तक
भिवानी।
हरियाणा राज्य स्तरीय महिला पुरस्कार के लिए महिलाएं 15 दिसंबर तक अपने आवेदन जमा करवाा सकती हैं। ये पुरस्कार आठ मार्च को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के मौके पर दिया जाएगा।
महिला एवं बाल विकास विभाग की जिला कार्यक्रम अधिकारी वैशाली ने ये जानकारी देते हुए बताया कि इंदिरा गांधी महिला शक्ति पुरस्कार के लिए 1.50 लाख रुपये, कल्पना चावला शौर्य पुरस्कार के लिए एक लाख रुपये, बहन शन्नो देवी पंचायती राज पुरस्कार के लिए एक लाख रुपये, लाइफ टाइम अचीवर्स पुरस्कार राशि 21 हजार रुपये व 51 हजार रुपये की राशि दी जाएगी।
उन्होंने बताया कि समाजसेवी पुरस्कार, महिला उद्यमी पुरस्कार भी दिया जाएगा। एक प्रशस्ति पत्र भी भेंट किया जाएगा। इस पुरस्कार के लिए किसी भी क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिला अपना आवेदन जिला कार्यक्रम अधिकारी के कार्यालय में विभाग के प्रोफार्मा के अनुसार जमा करा सकती है।
आवेदन करने वाली महिला का जन्म हरियाणा में हुआ हो और महिलाओं के हित के लिए काम करती हो। नामांकन करने के दौरान नामांकित व्यक्ति जीवित होना चाहिए। आवेदन के नियम विभाग की वेबसाइट डब्लूसीडीएचआरवाई.जीओवी.इन पर उपलब्ध है।

