सोनीपत कोर्ट नहीं पहुंचे अरविंद केजरीवाल, वकील ने लगाई ऑब्जेक्शन एप्लिकेशन

हरियाणा सरकार पर यमुना के पानी में जहर मिलाने वाले बयान को लेकर आम आदमी पार्टी (AAP) के संयोजक अरविंद केजरीवाल की आज हरियाणा की सोनीपत कोर्ट में तारीख थी। आज केजरीवाल की तारीख पर उनके वकील पहुंचे। सोनीपत की कोर्ट द्वारा अगली तारीख 31 मई 2025 लगाई गई है।
कोर्ट में लगाई ऑब्जेक्शन एप्लिकेशन
सीजीएम नेहा गोयल की कोर्ट में अरविंद केजरीवाल की तरफ से दिल्ली से उनके वकील सोनीपत पहुंचे। जहां उनके वकील के द्वारा ऑब्जेक्शन एप्लिकेशन लगाई गई है। वकील ने कहा कि एमपी/ एमएलए के खिलाफ मामले में कोर्ट के पास शिकायत की ट्रायल करने का अधिकार नहीं है। उन्होंने अपनी बात रखते हुए कहा है कि इसके लिए स्पेशल एमपी-एमएलए कोर्ट में सुनवाई की जानी चाहिए। वहीं सरकार की तरफ से सरकारी वकील ने अपना पक्ष रखते हुए ऑब्जेक्शन एप्लिकेशन का रिप्लाई देने के लिए कोर्ट से समय मांगा है। इसी को लेकर 31 मई तारीख दी गई है।
2023 में जजमेंट का दिया गया हवाला
जानकारी के मुताबिक सुप्रीम कोर्ट के एक मामले की जजमेंट,अश्विनी कुमार उपाध्याय वर्सेस यूनियन ऑफ इंडिया का हवाला दिया गया है। जिसमें सभी स्टेट हाई कोर्ट को दिशा निर्देश दिए गए थे कि कोई भी एमपी, एमएलए या पूर्व नेता के खिलाफ मामले में स्पेशल कोर्ट का गठन कर सुनवाई करने के ऑर्डर किए थे।
सरकारी वकील बोले- केजरीवाल एमपी-एमएलए नहीं
सरकारी वकील भुवेश मलिक ने बताया कि ऑब्जेक्शन एप्लिकेशन लगाने के बाद उनकी तरफ से कहा गया कि केजरीवाल इस समय न एमपी है और न ही MLA हैं। इसलिए उनके लिए स्पेशल कोर्ट की कोई जरूरत नहीं है। उन्होंने बताया कि अगली सुनवाई 31 में को होनी है और ऑब्जेक्शन एप्लीकेशन का रिप्लाई करने के लिए समय मांगा गया है। इसलिए यह अगली तारीख की गई है।
सिंचाई विभाग के एक्सईएन ने दायर की याचिका सोनीपत में सिंचाई विभाग के एक्सईएन अभियंता आशीष कौशिक ने कोर्ट में याचिका लगाकर कहा था कि 28 जनवरी को यमुना नदी से सटे हुए आसपास के गांव के लोग सिंचाई विभाग के कार्यालय में पहुंचे। उन्होंने कहा कि यमुना नदी में जहर क्यों डाला? इससे जानवरों और लोगों की मौत हो जाएगी।
लोगों से जब कारण पूछा गया तो उन्होंने सोशल मीडिया पर चल रही एक वीडियो क्लिप दिखाई। वीडियो में अरविंद केजरीवाल बयान दे रहे थे कि हरियाणा सरकार ने यमुना नदी में जहर मिलाया है। दिल्ली जल बोर्ड के अधिकारियों के अलर्ट के कारण पानी में जहर की जानकारी मिली है। जिसके चलते दिल्ली के लोगों की जान बच गई है।
अधिकारी ने आगे बताया कि लोगों की बात सुनने के बाद उन्होंने सबको शांत किया। उनसे कहा गया कि वायरल वीडियो में जो कहा जा रहा है, ऐसा कुछ भी नहीं है। पानी में किसी तरह का जहर नहीं है। अरविंद केजरीवाल का बयान गलत है। इसके बाद भीड़ वहां से चली गई।
CM सैनी ने कहा था- मानहानि का केस करूंगा
अरविंद केजरीवाल के बयान पर हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा था, 'वह अपने बयान के लिए हरियाणा और दिल्ली के लोगों से तुरंत माफी मांगें, नहीं तो हम उनके खिलाफ मानहानि का केस करेंगे। हरियाणा के लोग यमुना की पूजा करते हैं। वे भला नदी के पानी में जहर क्यों मिलाएंगे।'
इसके बाद तट पर जाकर सैनी ने यमुना का पानी पीकर दिखाया। CM सैनी ने कहा था, 'हरियाणा की सीमा पर बेहिचक और बेझिझक पवित्र यमुना के जल का आचमन किया।'
इसके बाद अरविंद केजरीवाल ने सैनी पर पलटवार करते हुए कहा था, 'नायब सैनी ने यमुना का पानी पीने का ढोंग किया… और फिर वही पानी वापस यमुना में थूक दिया।'