Maharaja Agrasen Global Award 2026 News: अशोक बुवानीवाला को मिला प्रतिष्ठित ‘महाराजा अग्रसेन ग्लोबल अवार्ड-2026’, अग्रवाल समाज में खुशी की लहर
अशोक बुवानीवाला को मिला ‘महाराजा अग्रसेन ग्लोबल अवार्ड-2026’
अग्रवाल समाज में खुशी की लहर
नई दिल्ली में भव्य ‘अग्र अलंकरण समारोह’ में सामाजिक योगदान के लिए किया गया सम्मानित
बोले- यह पूरे समाज के सामूहिक प्रयासों का सम्मान
नई दिल्ली : महाराजा अग्रसेन जी के आदर्शों को आत्मसात करते हुए सामाजिक एकता, भाईचारे और जनकल्याण के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले अग्रवाल वैश्य समाज, हरियाणा के प्रदेशाध्यक्ष अशोक बुवानीवाला को प्रतिष्ठित ‘महाराजा अग्रसेन ग्लोबल अवार्ड-2026’ से सम्मानित किया गया है। अखिल भारतीय अग्रवाल संगठन की ओर से नई दिल्ली स्थित अंबेडकर इंटरनेशनल सेंटर, जनपथ में आयोजित भव्य ‘अग्र अलंकरण समारोह-2026’ में उन्हें यह सम्मान प्रदान किया गया। इस उपलब्धि से हरियाणा ही नहीं, बल्कि पूरे देश के अग्रवाल समाज में खुशी और उत्साह की लहर दौड़ गई है।
समारोह का आयोजन अखिल भारतीय अग्रवाल संगठन के राष्ट्रीय चेयरमैन प्रदीप मित्तल के मार्गदर्शन तथा राष्ट्रीय अध्यक्ष कुलभूषण मित्तल की अध्यक्षता में किया गया। कार्यक्रम में गीता मनीषी महामंडलेश्वर ज्ञानानंद महाराज का पावन सानिध्य प्राप्त हुआ। वहीं दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और हरियाणा सरकार के कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। अतिथियों ने समारोह में अशोक बुवानीवाला को सम्मानित कर उनके योगदान की सराहना की गई।
अशोक बुवानीवाला को यह प्रतिष्ठित सम्मान सामाजिक क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान, समाजसेवा के प्रति समर्पण तथा अग्रवाल समाज को संगठित और मजबूत बनाने के लिए किए जा रहे निरंतर प्रयासों के फलस्वरूप प्रदान किया गया। अग्रवाल वैश्य समाज, हरियाणा के प्रदेशाध्यक्ष के रूप में वे लंबे समय से समाज के सामाजिक एवं संगठनात्मक कार्यों में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने समाज के लोगों को एकजुट करने, आपसी भाईचारे को मजबूत बनाने और सामाजिक एकता को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए लगातार प्रयास किए हैं।
इसके साथ ही उन्होंने समाज के लोगों को राजनीति और सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करने की दिशा में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उनका मानना है कि समाज की वास्तविक मजबूती तभी संभव है, जब प्रत्येक व्यक्ति सामाजिक जिम्मेदारियों को समझते हुए सामूहिक विकास में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करे।
अशोक बुवानीवाला को मिले इस सम्मान पर अग्रबंधुओं ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह उपलब्धि पूरे अग्रवाल समाज के लिए गर्व और गौरव का विषय है। उन्होंने कहा कि बुवानीवाला लंबे समय से समाजहित के कार्यों में समर्पित भाव से जुटे हुए हैं। उनके प्रयासों ने समाज को संगठित करने और सामाजिक गतिविधियों में नई ऊर्जा का संचार करने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। यह सम्मान उनके कार्यों को राष्ट्रीय स्तर पर मिली नई पहचान है और समाज के अन्य लोगों को भी सेवा एवं जनकल्याण के कार्यों के लिए प्रेरित करेगा।
सम्मान प्राप्त करने के बाद अपने संबोधन में अशोक बुवानीवाला ने कहा कि सम्मानित होना उनके लिए गौरव के साथ-साथ जिम्मेदारी का भी विषय है। यह सम्मान उनका व्यक्तिगत सम्मान नहीं, बल्कि समाज के उन सभी साथियों के विश्वास, सहयोग और सामूहिक प्रयासों का सम्मान है, जो समाज को एक नई पहचान और मजबूत आवाज देने के लिए निरंतर कार्य कर रहे हैं। उन्होंने इस प्रतिष्ठित सम्मान के लिए अखिल भारतीय अग्रवाल संगठन के राष्ट्रीय नेतृत्व का हृदय से आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि महाराजा अग्रसेन जी के आदर्शों और सिद्धांतों को आत्मसात करते हुए समाज की एकता, समरसता और सेवा भावना को आगे बढ़ाना ही उनका संकल्प है। इस सम्मान ने उनकी जिम्मेदारी को और बढ़ाया है तथा भविष्य में समाजहित के कार्यों को नई ऊर्जा और समर्पण के साथ आगे बढ़ाने की प्रेरणा दी है।