प्रदेश के हर शहरी स्थानीय निकाय में लगेगी अटल प्रतिमा
हरियाणा के पंचकूला में आज (25 दिसंबर को) सुशासन दिवस पर प्रदेश स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। PWD रेस्ट हाउस में होने वाले कार्यक्रम में प्रदेश के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी बतौर मुख्य अतिथि शिरकत पहुंच चुके हैं।
पंचकूला में कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सीएम नायब सैनी ने कहा कि सुशासन दिवस हम सभी के लिए गर्व का दिन है। पंचकूला में गृहमंत्री अमित शाह के द्वारा भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती पूर्व संध्या पर 41 फुट ऊंची प्रतिमा का अनावरण किया गया। अटल जी की याद में कल कई कार्यक्रम हुए। हरियाणा का विजन डॉक्यूमेंट 2047 भी कल पेश किया गया।
प्रदेश के हर शहर में लगेंगी अटल प्रतिमा
सीएम ने घोषणा करते हुए बताया कि हरियाणा के हर शहरी स्थानीय निकाय में एक सार्वजनिक स्थल का नामकरण भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी के नाम पर होगा। उनकी प्रतिमा भी उन स्थानों पर स्थापित होगी। इसके लिए प्रदेश के 87 शहरी स्थानीय निकायों में जगह चिह्नित कर ली गई है। 6 माह के दौरान यह कार्य पूरा कर लिया जाएगा।
अटल बिहारी वाजपेयी केवल एक प्रधानमंत्री के रूप में नहीं थे। वे एक विचार-संस्कार थे। राष्ट्रभाव का एक जीवंत स्वरूप थे। जिनका जीवन हमें सिखाता है कि राजनीति भी साधना हो सकती है। अटल जी का जीवन हमें बताता है कि सत्ता सेवा का माध्यम भी हो सकता है। वो अटल थे विचारों में, वो अटल थे संस्कारों में, सत्ता आई-सत्ता गई, मगर अटल रहे सिद्धांतों में। हमारे नए जिले हांसी में भी आज सुशासन दिवस आयोजित हो रहा है।
प्रदेश में 250 अटल पुस्तकालयों का भी उद्घाटन हुआ है, ताकि वहां से अच्छी शिक्षा लेकर वहां से निकल सकें। हम आज पंडित मदन मोहन मालवीय को भी याद कर रहे हैं। उनका विश्वास था कि राष्ट्र की उन्नति तभी संभव है, जब हर जन शिक्षित होगा। टेक्नोलॉजी को हमने सुविधा नहीं, हमने परिवर्तन का साधन बनाया है। सुशासन का महत्व इस बात में है कि यह लोकतंत्र को और अधिक जीवंत बनाता है।
कार्यक्रम में आज 13 अधिकारियों को फ्लैगशिप अवॉर्ड दिया गया। हरियाणा में राजस्व विभाग के पेपरलैस रजिस्ट्री के लिए आईटी जीएम संदीप सिंह, चीफ स्टाम्प ऑफिसर शिशन सिंह, सीनियर साफ्टवेयर डेवलपर नीतेश कुमार और रविंद्र प्रकार सिंह को सम्मानित किया। लाडो लक्ष्मी योजना के लिए सेवा विभाग की कंसलटेंट श्रुति शर्मा को सम्मानित किया।
हाउसिंग विभाग के लाइसेंसी कॉलोनियों में गरीब तबके के लिए घर और फ्लैट योजना के लिए एडिशन डायरेक्टर रुचि बेदी, एटीपी अमन गोदारा, अर्बन इकॉनोमिक एक्सपर्ट महेंद्र सिंह और स्टेट फाइनेंस एक्सपर्ट हरप्रीत को सम्मानित किया।
वहीं हारट्रोन विभाग को ट्रांसफॉर्मिंग स्किल के लिए कोऑर्डिनेटर मुकेश कुमार, कंसलटेंट पुलिन सिंह, प्रोग्रामर प्रेरणा सुनेजा व डीईओ कपिल कुमार को सम्मानित किया।

