Women Special Bus Service Bhiwani: गांव बलियाली से भिवानी के लिए महिला बस सेवा शुरू, डीसी साहिल गुप्ता का सराहनीय कदम
गांव बलियाली से शुरू हुई महिला बस सेवा
ग्रामीणों ने होनहार छात्रा दीपिका शर्मा के हाथों दिखवाई बस को हरी झंडी
छात्राओं और ग्रामीणों ने जताया डीसी साहिल गुप्ता और जीएम रोडवेज दीपक कुंडू का आभार
बवानी खेड़ा, 25 सितंबर। छात्राओं और ग्रामीणों की मांग पर डीसी साहिल गुप्ता ने हरियाणा राज्य परिवहन विभाग से शुक्रवार को गांव बलियाली से भिवानी के लिए एक स्पेशल महिला बस सेवा शुरू करवाई है। गांव की होनहार छात्रा दीपिका शर्मा ने हरि झंडी दिखाकर रवाना किया। यह बस बलियाली से प्रतिदिन सुबह 8.20 बजे भिवानी के लिए रवाना होगी, जो कि रामपुरा, सुई और खरकड़ी होते हुए भिवानी पहुंचेगी। बस सेवा शुरू होने से खुश छात्राओं ने जिला प्रशासन और रोडवेज का आभार जताया है।
उल्लेखनीय है कि गांव बलियाली से काफी संख्या में छात्राएं उच्च शिक्षा हासिल करने के भिवानी आती हैं, लेकिन गांव से कोई महिला बस सेवा नहीं थी। इससे छात्राओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। इस पर ग्रामीण और छात्राएं जीएम रोडवेज से मिलीं और समस्या से अवगत करवाया। वहीं मामला डीसी श्री गुप्ता के संज्ञान में भी आया। डीसी ने तुरंत प्रभाव से छात्राओं के लिए गांव में बस सेवा शुरू करने के निर्देश दिए। डीसी के निर्देशानुसार जीएम रोडवेज दीपक कुंडू ने शुक्रवार से गांव बलियाली से बस सेवा शुरू करवाई। गांव से सुबह 8.20 बजे गांव की होनहार छात्रा दीपिका शर्मा ने बस को हरि झंडी दिखाकर ना केवल रवाना किया, बल्कि अन्य छात्राओं के साथ उसी बस में सवार होकर भिवानी पढऩे के लिए पंहुची।

बस सेवा शुरू होने पर प्रसन्नता प्रकट करते हुए दीक्षा, रुचि, चंचल, प्राची, अन्नू, दीपिका जांगड़ा, सिमरन, प्रीति आदि ने बताया सुबह कॉलेज के लिए बस सेवा ना होने से इनको भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। अब स्पेशल बस शुरू होने से उनकी परेशानी दूर हुई है। उनकी बहुत बड़ी चिंता दूर हुई है।
वहीं ग्रामीणों ने कहा कि जिला प्रशासन ने उनकी मांग को पूरा किया है, इसके लिए वे डीसी साहिल गुप्ता और जीएम रोडवेज दीपक कुंडू का आभार प्रकट हैं। जीएम रोडवेज श्री कुंडू ने बताया कि ग्रामीणों ने छात्राओं की समस्या से अवगत करवाया था। छात्राओं को कालेज आने में कोई दिक्कत ना हो, इसीलिए महिला बस शुरू की गई है। बस रवाना करने के दौरान बलियाली के सरपंच सचिन सरदाना, रामपुरा के सरपंच मुकेश शर्मा, अशोक सरदाना, सरदार गुरबख्श सिंह, कुलदीप भारतीय, सतीश कुमार, अक्षय मलिक और गौरव वशिष्ठ के अलावा गांव के अनेक गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।