बैंक कर्मचारियों ने आज की राष्ट्रव्यापी हड़ताल 

 
बैंक कर्मचारियों ने आज की राष्ट्रव्यापी हड़ताल 

भिवानी

पांच दिवसीय बैंकिंग सप्ताह की मांग को लेकर यूनाईटेड फौरम बैंक एम्पलाईज के आह्वान पर देश भर में बैंक कर्मचारियों व अधिकारियों ने हड़ताल की तथा प्रदर्शन करते हुए उनकी चार सूत्रीय मांगों को जल्द पूरा किए जाने को लेकर केंद्र सरकार पर दबाव बनाया।

इसी के चलते भिवानी में विभिन्न राष्ट्रीयकृत बैंक बंद रहे, जिनके बाहर बैंक कर्मचारियों ने दरी बिछाकर हड़ताल की तथा एक समूह के रूप में शहर के प्रमुख चौराहों तक बैनर लेकर प्रदर्शन भी किया। यह हड़ताल 9 विभिन्न बैंक यूनियनों ने संयुक्त रूप से की है। जिसके चलते आज बैंकिंग कामकाज भी प्रभावित रहा। अकेले भिवानी जिला में 200 से 300 करोड़ का कारोबार आज प्रभावित रहा।
 
इस मौके पर ऑल इंडिया बैंक एम्पलाईज के जिला प्रधान शक्ति सिंह कौशिक, कामरेड ओमप्रकाश व सर्व कर्मचारी संघ से सुखदर्शन सरोहा ने बताया कि उनकी चार प्रमुख मांगें है। यदि उन्हे नहीं माना गया तो वे आगामी 12 जनवरी को फिर से हड़ताल करेंगे। जिसके बाद बैंकों की हड़ताल अनिश्चितकाल में बदल सकती है।

उन्होंने अपनी मांगों का जिक्र करते हुए कहा कि पिछले 10 वर्षो से यह आश्वासन दिया जा रहा है कि सप्ताह में बैंकिंग सप्ताह 5 दिन का किया जाएगा। जिसके चलते प्रत्येक रविवार-शनिवार को छुट्टी रहेगी।

लेकिन अभी तक उनकी मांग को नहीं माना गया है। सिर्फ आश्वासन मिलते रहे है। उन्होंने कहा कि उनकी दूसरी मांग बैंकिंग क्षेत्र में रेगुलर भर्ती  करने की है, क्योंकि बड़ी संख्या में अप्रेंटिशिप व अस्थायी कर्मचारियों से कार्य लिया जा रहा है। जिससे बैंकिंग कार्य की गुणवत्ता प्रभावित हो रही है। उन्होंने कहा कि उनकी अन्य मांग पुरानी पेंशन की बहाली तथा चिकित्सा सुविधाओं में इजाफा करने की है। जिसे जल्द लागू किया जाए। 

बैंकिंग कर्मचारियों की आज की हड़ताल को लेकर बैंक कर्मचारियों ने कहा कि उन्हे इस बात का आभास है कि आज की हड़ताल से लोगों के बैंक से जुड़े काम प्रभावित हुए तथा अकेले भिवानी जिला में 200 से 300 करोड़ का लेन-देन प्रभावित हुआ है। हालांकि उन्होंने कहा कि कर्मचारियों की जायज मांगों पर सरकार को संज्ञान लेकर जल्द पूरा करना चाहिए।