Bawani Khera Development News: सीएम नायब सिंह सैनी ने बवानी खेड़ा को उपमंडल बनाने की घोषणा की, करोड़ों के विकास कार्यों की सौगात
हलका बवानी खेड़ा के विकास के लिए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने दिल खोल कर की धन वर्षा
कहा, डिलिमिटेशन का काम पूरा होते ही बवानी खेड़ा को मिलेगा उपमंडल का दर्जा
बवानीखेड़ा, 6 सितंबर। कस्बा बवानीखेड़ा की अनाज मंडी में आयोजित ‘विकास संकल्प जनसभा’ में कार्यक्रम के आयोजक बवानी खेड़ा के विधायक कपूर वाल्मिकी द्वारा मंच के माध्यम से रखी गई मांगों से भी आगे बढक़र मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने दिल खोलकर धनवर्षा करते हुए करोंड़ों रुपये के नए विकास कार्यों की घोषणा की।
मुख्यमंत्री ने बवानी खेड़ा को उपमंडल का दर्जा देने की क्षेत्र के लोगों की वर्षों पुरानी मांग पर कहा कि डिलिमिटेशन का काम पूरा होते ही वर्ष 2028 में बवानी खेड़ा को उपमंडल का दर्जा मिलेगा। मुख्यमंत्री द्वारा की गई इस घोषणा पर उपस्थित जनसमूह ने तालियों और जयकारो के साथ मुख्यमंत्री का आभार प्रकट किया।

मुख्यमंत्री ने घोषणा करते हुए कहा कि बवानी खेड़ा कस्बे के 50 बिस्तरों के नागरिक अस्पताल का विस्तार करते हुए इस पर 50 करोड़ की राशि खर्च कर नए भवन का निर्माण व सभी प्रकार की अत्याधुनिक सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएंगी। गांव रेवाड़ी खेड़ा में साढ़े 16 करोड़ की लागत से 33 केवी सब स्टेशन का निर्माण कराया जाएगा। गांव खरक कलां में महिला कॉलेज के भवन का निर्माण कराया जाएगा। बवानी खेड़ा कस्बे में जमीन उपलब्ध होने के बाद नई सब्जी मंडी का निर्माण करवाया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि गांव बलियाली व जमालपुर में 90-90 लाख की लागत से ग्राम सचिवालयों का निर्माण कराया जाएगा। गांव बड़सी गुजरान व गांव सैय में क्रमश: 90-90 लाख की लागत से बहुउद्देशीय हॉल का निर्माण करवाया जाएगा। मुख्यमंत्री ने गांव कलिंगा में 85 लाख की राशि से महाराणा प्रताप कम्युनिटी सेंटर व गांव मंढाणा में 1.75 करोड़ की लागत से और गांव मुंढाल कलां में 80 लाख की लागत से कम्युनिटी सेंटर का निर्माण करवाए जाने की घोषणा की।
मुख्यमंत्री ने गांव सिरसा घोघड़ा में 19 लाख की लागत से पार्क का निर्माण, गांव कलिंगा में 24 करोड़ 47 लाख की लागत से जल घर का पुनर्निर्माण व विस्तार, गांव जाटू लोहारी में भूमि उपलब्धता के आधार पर स्टेडियम और गांव तिगड़ाना व धनाना में 50-50 लाख रुपए की लागत से खेल सुविधाएं उपलब्ध करवाने की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने बवानी खेड़ा में एक करोड़ की लागत से ई-लाइब्रेरी और दो करोड़ की लागत से महर्षि वाल्मीकि भवन का निर्माण करवाए जाने की घोषणा की।

मुख्यमंत्री ने बवानी खेड़ा में 50 लाख की लागत से महात्मा ज्योति फूले के नाम से भवन का निर्माण करवाने और कस्बे में 5 करोड़ की लागत से बवानी खेड़ा नगर पालिका कार्यालय के नए भवन का निर्माण व 15 करोड़ की लागत से महर्षि वाल्मीकि के नाम से स्टेडियम और दस करोड़ की लागत से बवानी खेड़ा में लोक निर्माण विभाग के नए रेस्ट हाउस का निर्माण करवाए जाने की घोषणा की।
मुख्यमंत्री ने बवानी खेड़ा विधानसभा क्षेत्र की मार्केटिंग बोर्ड की 13 सडक़ जो डीएलपी के अधीन हैं, इन 40.7 किलोमीटर की सडक़ो का रखरखाव संबंधित एजेंसी द्वारा कराए जाने, बवानी खेड़ा विधानसभा क्षेत्र की पीडब्ल्यूडी की 68 सडक़ें जो डीएलपी के अधीन हैं, इन 184.10 किलोमीटर की सडक़ों का रखरखाव एजेंसी द्वारा कराया जाएगा। मुख्यमंत्री ने 94.5 किलोमीटर लंबाई की 47 सडक़ों की 55 करोड़ 45 लाख की लागत से स्पेशल रिपेयर करवाई जाएगी। उन्होंने खेत खलिहान के 25 किलोमीटर के कच्चे रास्तों का निर्माण करवाने और विधानसभा के सभी गांवों के विकास के लिए 5 करोड़ की राशि जारी किए जाने की घोषणा की।

78 करोड़ रुपए की लागत की सात परियोजनाओं का किया उद्घाटन व शिलान्यास
मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने रविवार कस्बे की अनाज मंडी में आयोजित विकास जन संकल्प जनसभा के दौरान 3.51 करोड़ रुपये की लागत से तैयार राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय गुजरानी, 2.62 करोड़ रुपये की लागत से तैयार राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय कलिंगा के भवन, गांव खेड़ा में 16.98 करोड़ से तैयार हुए कैनाल रेस्ट हाउस के कार्यालय परिसर और स्टाफ आवासीय भवन तथा बवानी खेड़ा में 28.89 करोड़ रुपये की लागत से तैयार दो जलघरों के नवीनीकरण और जलापूर्ति वितरण नेटवर्क का उद्घाटन किया।
इसके अलावा मुख्यमंत्री ने प्रेम नगर में 9.60 करोड़ रुपये की लागत से तैयार होने वाले दीनदयाल उपाध्याय 25 बिस्तरों के आयुर्वेदिक अस्पताल, नाथुवास से गुजरानी होते हुए बामला तक 10.59 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली नई लिंक रोड और 4.72 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले बलियाली के प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र का शिलान्यास भी किया।