'एक पेड़ मां के नाम' अभियान के तहत पूर्व कृषि मंत्री जेपी दलाल ने बहाल के राजकीय कन्या महाविद्यालय मे किया पौधारोपण
बहल, 01 अगस्त। पर्यावरण संरक्षण को जन-जन का अभियान बनाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे "एक पेड़ मां के नाम" अभियान के तहत पूर्व कृषि मंत्री जेपी दलाल ने शनिवार को राजकीय कन्या महाविद्यालय, बहल परिसर में पौधारोपण किया। इस अवसर पर उन्होंने सभी नागरिकों, विशेषकर युवाओं से अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनके संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान किया।
पूर्व कृषि मंत्री जेपी दलाल ने कहा कि "एक पेड़ मां के नाम" केवल पौधारोपण का अभियान नहीं, बल्कि मातृ सम्मान, प्रकृति संरक्षण और आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य का संकल्प है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति यदि अपनी मां के सम्मान में कम से कम एक पौधा लगाकर उसकी नियमित देखभाल करे, तो प्रदेश और देश को हराभरा बनाने का लक्ष्य आसानी से प्राप्त किया जा सकता है।
उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में बढ़ता प्रदूषण, जलवायु परिवर्तन और प्राकृतिक संसाधनों का क्षरण पूरी मानवता के लिए चुनौती बन चुका है। ऐसे में वृक्षारोपण ही पर्यावरण संरक्षण का सबसे प्रभावी माध्यम है। वृक्ष हमें शुद्ध वायु, स्वच्छ वातावरण, वर्षा, जैव विविधता तथा जीवनदायिनी ऊर्जा प्रदान करते हैं। इसलिए पौधे लगाना जितना आवश्यक है, उनकी सुरक्षा और देखभाल करना उससे भी अधिक महत्वपूर्ण है।
पूर्व कृषि मंत्री ने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे अपने जीवन के प्रत्येक महत्वपूर्ण अवसर पर पौधारोपण करें और पर्यावरण संरक्षण को जन आंदोलन बनाने में सक्रिय भागीदारी निभाएं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर चलाया जा रहा "एक पेड़ मां के नाम" अभियान समाज में पर्यावरण के प्रति नई चेतना पैदा कर रहा है।
महाविद्यालय प्रशासन ने पूर्व कृषि मंत्री का स्वागत करते हुए परिसर में चलाए जा रहे हरित अभियान की जानकारी दी। इस अवसर पर उपस्थित सभी लोगों ने पर्यावरण संरक्षण, अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल करने का संकल्प लिया।

