गौ सेवा के लिए दादी जाबदे गौशाला को मिली 7.47 लाख की मदद

गौसेवा प्रत्येक नागरिक की सामाजिक व नैतिक जिम्मेवारी भी है : विनोद पहलवान 
 
 
बवानीखेड़ा विधायक न्यूज़
भिवानी, 19 अप्रैल : सेवा और समर्पण की एक बेमिसाल तस्वीर गांव खरक कलां स्थित श्री दादी जाबदे गौशाला में देखने को मिली। यहां गौ संरक्षण और संवर्धन के संकल्प को दोहराते हुए हरियाणा गो-सेवा आयोग के माध्यम से 7 लाख 47 हजार 40 रूपये की सहायता राशि भेंट की गई। यह राशि का चैक बवानीखेड़ा के विधायक कपूर सिंह वाल्मीकि ने भेंट किया। इस कार्यक्रम ने ना केवल गौशाला को आर्थिक मजबूती प्रदान की, बल्कि समाज में गौ सेवा के महत्व को भी नए आयाम दिए। इस पूरे आयोजन की सफलता में श्री दादी सती जावेद अखाड़ा के संचालक विनोद पहलवान की केंद्रीय भूमिका रही। गौ माता का पूजन कर आशीर्वाद लेने के बाद विनोद पहलवान ने बवानीखेड़ा के विधायक कपूर वाल्मीकि का विशेष रूप से आभार व्यक्त किया। इस मौके पर विनोद पहलवान ने कहा कि गौ माता की सेवा ही सबसे बड़ा धर्म है। विधायक कपूर वाल्मीकि के निरंतर सहयोग और उनकी सकारात्मक सोच का ही परिणाम है कि आज हमारी गौशालाओं को इस तरह की सहायता मिल रही है। उनके प्रयासों से क्षेत्र में गौवंश के संरक्षण को एक नई ताकत मिली है। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में पहुंचे परमार खाप के प्रधान वेदपाल परमार ने भी इस पुनीत कार्य की जमकर सराहना की। उन्होंने उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि गौ सेवा को केवल धार्मिक चश्मे से नहीं देखा जाना चाहिए, बल्कि यह हमारी सामाजिक और नैतिक जिम्मेदारी भी है। उन्होंने जोर देकर कहा कि इस तरह के प्रयासों से समाज में सेवा, संवेदनशीलता और हमारे पारंपरिक संस्कारों की जड़ें और मजबूत होती हैं। विनोद पहलवान ने हरियाणा सरकार की गौ-नीतियों पर भरोसा जताते हुए कहा कि वर्तमान सरकार गौवंश के संरक्षण, चारे की उचित व्यवस्था और गौशालाओं में आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में सराहनीय कार्य कर रही है। उन्होंने उम्मीद जताई कि सरकारी सहायता और जन-सहयोग के समन्वय से आने वाले समय में गौशालाएं आत्मनिर्भर बनेंगी और निराश्रित गौवंश को बेहतर आश्रय मिल सकेगा। कार्यक्रम के समापन पर वहाँ मौजूद ग्रामीणों और गौ-भक्तों ने गौ सेवा के इस अभियान को और अधिक विस्तार देने का सामूहिक संकल्प लिया। विनोद पहलवान और खाप प्रधान वेदपाल परमार ने समाज के हर वर्ग, विशेषकर युवाओं से अपील की कि वे गौशालाओं के प्रबंधन और गौ सेवा के कार्यों में बढ़-चढक़र अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें। इस अवसर पर गांव के सरपंच, पूर्व सरपंच सुंदर उर्फ काला बिट्टूू शर्मा उर्फ हरीश, संजू पहलवान सहित अनेक ग्रामीण मौजूद रहे।