DC Sahil Gupta News 2026: पराली जलाने पर भिवानी प्रशासन सख्त: गांवों में रहकर अधिकारी रख रहे चप्पे-चप्पे पर नजर— डीसी साहिल गुप्ता

भिवानी में पराली जलाने पर प्रशासन सख्त है। डीसी साहिल गुप्ता के निर्देशानुसार अधिकारी गांवों में रहकर चप्पे-चप्पे पर नजर रख रहे हैं। पूरी खबर पढ़ें।
 
crop residue management Bhiwani

पराली जलाने पर प्रशासन सख्त, गांवों में रहकर अधिकारी रख रहे हैं चप्पे-चप्पे पर नजर: डीसी साहिल गुप्ता

भिवानी, 13 नवंबर। डीसी साहिल गुप्ता के निर्देशानुसार जिले में पराली जलाने की घटनाओं पर रोक लगाने के लिए जिला प्रशासन और कृषि विभाग द्वारा विशेष निगरानी अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में कृषि विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों ने विशेषकर बवानीखेड़ा क्षेत्र में धान की पैदावार करने वाले गांव चांग, गुजरानी, मिताथल, बडेसरा, धनाना, मंढ़ाणा व प्रेमनगर आदि गांवों में किसानों को फसल अवशेष प्रबंधन के लिए जागरूक किया। कृषि विभाग के क्यूसीआई सुरेन्द्र, एसडीओ संजय मक्कड और एडीओ तरूण ने किसानों से कहा कि किसी भी कीमत पर पराली ना जलाएं।

उप कृषि निदेशक डॉ. राजेश सिहाग ने बताया कि डीसी श्री गुप्ता के आदेशानुसार धान की बिजाई वाले गांवों के सरपंचों और नंबरदारों को प्रतिदिन मुनादी करवाने तथा किसानों के साथ बैठक करने के निर्देश दिए गए हैं। प्रत्येक 100 किसानों पर एक विशेष नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। इन अधिकारियों के कार्यों की निगरानी के लिए सुपरवाइजर अधिकारियों की भी ड्यूटी लगाई गई है। सभी अधिकारी गांवों में रहकर किसानों के खेतों पर लगातार नजर रख रहे हैं, ताकि पराली जलाने की किसी भी घटना को समय रहते रोका जा सके। उन्होंने बताया कि विभाग द्वारा धान फसल कटाई की निरंतर निगरानी की जा रही है।

 जिले में पराली प्रबंधन के लिए पर्याप्त हैं कृषि यंत्र: सहायक कृषि अभियंता

सहायक कृषि अभियंता नसीब सिंह धनखड़ ने बताया कि जिले में पराली प्रबंधन के लिए पर्याप्त कृषि यंत्र उपलब्ध हैं। पराली प्रबंधन के लिए इन-सीटू और एक्स-सीटू दोनों तकनीकों को अपनाया जा रहा है। इन-सीटू तकनीक के तहत खेत में ही पराली का प्रबंधन करने के लिए सुपर सीडर मशीन का उपयोग किया जा रहा है, जबकि एक्स-सीटू तकनीक के तहत पराली की गांठें बनाने के लिए बेलर मशीन का प्रयोग किया जा रहा है। किसानों की सुविधा के लिए अन्य जिलों से भी पर्याप्त संख्या में बेलर मशीनें भिवानी में उपलब्ध करवाई गई हैं।

कृषि विभाग की किसानों से अपील की है कि वे पराली जलाने की बजाय आधुनिक कृषि यंत्रों की सहायता से फसल अवशेषों का उचित प्रबंधन करें। पराली जलाने से भूमि की उपजाऊ शक्ति और मिट्टी में मौजूद लाभकारी सूक्ष्म जीवों को नुकसान पहुंचता है। इसके अलावा वायु प्रदूषण बढऩे से आमजन के स्वास्थ्य पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है।