अग्रवाल वैश्य समाज में भारी आक्रोश : रोहतक उपायुक्त पर अभद्र टिप्पणी के खिलाफ भिवानी में फूटा गुस्सा
 

श्रीअग्रवाल सभा रजि. ने ज्ञापन सौंपकर मुख्यमंत्री से कार्रवाई और सार्वजनिक माफी की उठाई मांग
अग्रवाल समाज को निशाना बनाकर अपमानित करने वाली टिप्पणियां नहीं बर्दाश्त : सुनील सर्राफ प्रधान
 
 
वैश्य समाज का अपमान
भिवानी, 05 जून : रोहतक के उपायुक्त के विरुद्ध इनेलो के रोहतक जिला अध्यक्ष नफे सिंह द्वारा की गई कथित अभद्र और समाज विशेष को अपमानित करने वाली टिप्पणी को लेकर अग्रवाल वैश्य समाज में उबाल है। इस संवेदनशील मामले को लेकर श्री अग्रवाल सभा रजि. भिवानी ने कड़ा रुख अख्तियार करते हुए शुक्रवार को हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नाम उपायुक्त के मध्यम से ज्ञापन भेजकर संबंधित पदाधिकारी के खिलाफ तुरंत उचित कार्रवाई करने और सार्वजनिक माफी की मांग की है। श्री अग्रवाल सभा रजि. भिवानी के अध्यक्ष सुनील सर्राफ ने कहा कि लोकतंत्र में और एक सभ्य समाज में इस तरह की भाषा का कोई स्थान नहीं है। इनेलो के रोहतक जिला अध्यक्ष ने रोहतक के उपायुक्त के संदर्भ में जो कथित अभद्र और वैश्य (अग्रवाल) समाज को नीचा दिखाने वाली अशोभनीय टिप्पणी की है, वह न केवल निंदनीय है बल्कि पूरे समाज का घोर अपमान है। सर्राफ ने कहा कि अग्रवाल समाज हमेशा से शांतिप्रिय, देश के विकास में अग्रणी योगदान देने वाला और सामाजिक सौहार्द को बढ़ावा देने वाला समाज रहा है। ऐसे समाज को निशाना बनाकर अपमानित करने वाली टिप्पणियां किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएंगी। इस बयान से पूरे हरियाणा केअग्रवाल वैश्य समाज में गहरा रोष और आक्रोश व्याप्त है। हम इसकी घोर निंदा करते हैं और इसे अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण व पूरी तरह से अस्वीकार्य मानते हैं। उन्होंने ज्ञापन के माध्यम से मांग की कि संबंधित इनेलो पदाधिकारी अग्रवाल समाज से सार्वजनिक रूप से बिना शर्त माफी मांगें। समाज विशेष को अपमानित करने और सामाजिक ताने-बाने को ठेस पहुंचाने के आरोप में उनके खिलाफ उचित कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि यदि ऐसे गैर-जिम्मेदाराना बयानों पर तुरंत लगाम नहीं लगाई गई तो समाज में आपसी भाईचारा और सामाजिक सौहार्द बिगड़ सकता है। इस अवसर पर सुरेश कागची, अधिवक्ता आशीष मित्तल, रामावतार गुप्ता, लखमीचंद अग्रवाल, रत्न लोहिया, अधिवक्ता संजय अग्रवाल, अधिवक्ता मुकेश मित्तल, पंकज कसेरा, राजकुमार अग्रवाल, मुकेश बंसल, पारस डालमिया, उमेश बंसल,पीयूष अग्रवाल,अमन गोयल,सीए अंकुर जैन, अधिवक्ता अजय सर्राफ,भी साथ रहे।