शादियों में फिजूलखर्ची पर लगेगी रोक : एकजुट हुआ अग्रवाल समाज, तीन बड़े फैसलों पर लगी मुहर
 

भविष्य में अन्य सामाजिक कुरीतियों पर भी लगाई जाएगी रोक : रामदेव तायल 
 
 
शगुन और मिठाई पर प्रतिबंध भिवानी

भिवानी 21 जुलाई : शादी-ब्याह में बढ़ती फिजूलखर्ची और सामाजिक दिखावे के खिलाफ छोटी काशी भिवानी के अग्रवाल समाज ने एकजुट होकर एक मिसाल पेश की है। अग्रसेन विवाह प्रकोष्ठ के तत्वावधान में कमला भवन धर्मशाला में समाज के गणमान्य लोगों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें फिजूलखर्ची रोकने और कुरीतियों को समाप्त करने के लिए सर्वसम्मति से तीन ऐतिहासिक निर्णय लिए गए।
      बैठक में अग्रसेन ट्रस्ट और श्री अग्रवाल सभा के पदाधिकारियों सहित समाज के अनेक मौजिज़ लोग मौजूद रहे। इस दौरान शादी में फिजूलखर्ची पर अंकुश लगाने के लिए 3 मुख्य निर्णय गए, जिसमे बेटी की शादी में मिठाई का डिब्बा देने और लेने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा, लडक़े की शादी में शगुन लेने और देने, दोनों प्रक्रियाओं पर रोक लगा दी गई है। तिलक, पुरोजन या शादी के अन्य संस्कारों में दोस्तों व रिश्तेदारों को मिलनी के नाम पर होने वाले भारी खर्च को रोकते हुए मिलनी की राशि अधिकतम 100 तय की गई, आदि रहे। इन सभी प्रस्तावों को उपस्थित लोगों ने करतल ध्वनि से हाथ उठाकर सर्वसम्मति से पारित किया। साथ ही रमेश बंसल के सुझाव पर इन निर्णयों को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए घर-घर जाकर संकल्प पत्र भरवाने का फैसला भी लिया गया।
      इस मौके पर अग्रसेन विवाह प्रकोष्ठ के अध्यक्ष रामदेव तायल ने कहा कि यह तो अभी शुरुआत है, भविष्य में अन्य सामाजिक कुरीतियों पर भी धीरे-धीरे रोक लगाई जाएगी। इन सुधारों से समाज के करोड़ों रुपये बचेंगे। इसके अलावा यदि अग्र समाज की किसी शादी योग्य बेटी के विवाह में आर्थिक तंगी आड़े आती है, तो प्रकोष्ठ जांच-परख के बाद उस परिवार को 2 लाख की नकद सहायता प्रदान करेगा। बैठक में मौजूद श्री अग्रवाल सभा के प्रधान सुनील सर्राफ ने भी इन सभी निर्णयों पर अपनी पूर्ण स्वीकृति दी। उनका कहना था कि भिवानी का अग्रवाल समाज अब सुधार की दिशा में एक नई करवट ले रहा है, जिसके सुखद परिणाम जल्द ही समाज के सामने आएंगे।
     कार्यक्रम का सफल संयोजन सचिव सुरेंद्र जैन एडवोकेट ने किया। प्रकोष्ठ के संयोजक दीपक गर्ग ने पिछली कार्रवाई का वाचन किया और सहसंयोजक नरेश बंसल ने सभी का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर पवन बवानीवाला, प्रवीण कोकड़ा, रामनिवास सीवानीवाला, राजकुमार लालावासिया, नरेश गर्ग, सुभाष खरकिया, मनोज रामपुरिया, सुरेश बंसल, मनोज दीवान, दीपक बंसल, सुनील बंसल, रमन जैन, दिनेश गुप्ता, देवी चंद बंसल, दीपक लच्छीरामका, पंकज कसेरा, मदन कुमार, अशोक बंसल, राकेश गर्ग, सुमित खेमका, सज्जन अग्रवाल एडवोकेट, लक्ष्मण अग्रवाल, नथु राम केडिया, वरुण सिंगला और राहुल गुप्ता सहित समाज के अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।