Haryana Drug Smuggling News: एंटी नारकोटिक सैल ने दो युवकों को दबोचा, कोर्ट ने 1 दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा

भिवानी एंटी नारकोटिक सैल ने गांव दिनोद से दो युवकों को 12.18 ग्राम हेरोइन के साथ किया गिरफ्तार। कोर्ट में पेश कर 1 दिन के रिमांड पर लिया।
 
Haryana drug smuggling news

एंटी नारकोटिक सेल भिवानी की टीम ने गांव दिनोद से दो युवकों को मादक पदार्थ हेरोइन सहित किया गिरफ्तार।

पुलिस टीम ने आरोपियों के कब्जे से कुल 12.18 ग्राम हेरोइन की बरामद।

दोनों आरोपियों को माननीय न्यायालय में पेश कर 1 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया।

पुलिस अधीक्षक भिवानी श्री मयंक मिश्रा, आईपीएस द्वारा जिला पुलिस को जिले में मादक पदार्थों की बिक्री एवं तस्करी में शामिल आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके विरुद्ध प्रभावी कानूनी कार्रवाई अमल में लाने के निर्देश दिए गए हैं। इन्हीं निर्देशों के तहत कार्रवाई करते हुए एंटी नारकोटिक सैल भिवानी की टीम ने गांव दिनोद से दो युवकों को मादक पदार्थ हेरोइन सहित गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।

दिनांक 16.09. 2026 को एंटी नारकोटिक सैल भिवानी के एएसआई जसवंत सिंह अपनी पुलिस टीम के साथ गश्त एवं पड़ताल ड्यूटी पर देवसर मोड़, गांव दिनोद के पास मौजूद थे। इसी दौरान पुलिस टीम को विश्वसनीय सूत्रों से सूचना प्राप्त हुई कि कुसुंबी मोड़, गांव दिनोद के पास मोटरसाइकिल पर दो युवक घूम रहे हैं, जो मादक पदार्थ बेचने की फिराक में हैं सूचना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम द्वारा बताए गए स्थान पर पहुंचकर नियमानुसार कार्रवाई की गई तथा मोटरसाइकिल सवार दोनों युवकों को काबू किया गया। नियमानुसार तलाशी लेने पर उनके कब्जे से मादक पदार्थ हेरोइन बरामद हुई।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विक्रम पुत्र सुरेंद्र निवासी लोहानी, जिला भिवानी तथा सिकंदर पुत्र रामफल निवासी कुसुंबी, जिला भिवानी के रूप में हुई है।

पुलिस टीम द्वारा आरोपियों की मोटरसाइकिल को भी कब्जे में लिया गया। आरोपियों के कब्जे से कुल 12.18 ग्राम हेरोइन बरामद हुई, जिसमें विक्रम के कब्जे से 5.43 ग्राम हेरोइन तथा सिकंदर के कब्जे से 6.75 ग्राम हेरोइन बरामद की गई।

गिरफ्तार आरोपियों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत थाना सदर भिवानी में अभियोग पंजीकृत कर आगामी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई गई है। पुलिस टीम द्वारा दोनों आरोपियों को आज माननीय न्यायालय में पेश किया गया, जहां से आरोपियों को 01 दिन के पुलिस रिमांड पर हासिल किया गया है।

पुलिस रिमांड के दौरान आरोपियों से मादक पदार्थ की खरीद-फरोख्त एवं सप्लाई के संबंध में गहनता से पूछताछ की जाएगी तथा इस नेटवर्क से जुड़े अन्य व्यक्तियों की जानकारी हासिल कर उनके विरुद्ध भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी विक्रम के विरुद्ध थाना पिलानी, राजस्थान में एनडीपीएस एक्ट के तहत पहले भी एक अभियोग दर्ज है।