Ishika Sambhrawal News: 44 साल बाद हॉकी में स्वर्ण जीतने वाली इशिका का भिवानी में भव्य नागरिक अभिनंदन
भिवानी में हरियाणा ग्रामीण बैंक ने एशियाई खेलों की स्वर्ण पदक विजेता हॉकी खिलाड़ी इशिका सांभ्रवाल को पारंपरिक पगड़ी पहनाकर और ट्रॉफी देकर सम्मानित किया।
हरियाणा ग्रामीण बैंक ने एशियाई खेलों की स्वर्ण पदक विजेता हॉकी खिलाड़ी इशिका सांभ्रवाल को पगड़ी पहनाकर एवं ट्रॉफी भेंट कर किया सम्मानित
भिवानी, 12 अक्टूबर। हरियाणा ग्रामीण बैंक के क्षेत्रीय कार्यालय में भारतीय महिला हॉकी खिलाड़ी एवं एशियाई खेलों की स्वर्ण पदक विजेता सुश्री इशिका सांभ्रवाल के सम्मान में एक गरिमामय समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर बैंक के क्षेत्रीय प्रबंधक संजीव कुमार राणा ने इशिका सांभ्रवाल का गर्मजोशी से स्वागत किया तथा उनकी शानदार खेल उपलब्धि पर बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

समारोह के दौरान क्षेत्रीय प्रबंधक संजीव कुमार राणा ने पारंपरिक हरियाणवी रीति-रिवाज के अनुसार सुश्री इशिका सांभ्रवाल को पगड़ी पहनाकर तथा ट्रॉफी भेंट कर सम्मानित किया। यह सम्मान उनकी असाधारण खेल उपलब्धि, मेहनत, अनुशासन और भारतीय हॉकी में उनके योगदान के प्रति बैंक के आदर एवं गौरव का प्रतीक रहा।

उन्होंने कहा कि भारतीय हॉकी के लिए यह उपलब्धि विशेष महत्व रखती है। एशियाई खेलों में 44 वर्षों के अंतराल के बाद हॉकी में स्वर्ण पदक जीतने की उपलब्धि ने देशभर में गर्व और उत्साह का वातावरण बनाया है। इशिका सांभ्रवाल की सफलता मेहनत, दृढ़ संकल्प, अनुशासन और निरंतर संघर्ष का प्रेरणादायक उदाहरण है। उनकी उपलब्धि ने हरियाणा सहित पूरे देश को गौरवान्वित किया है तथा युवा पीढ़ी, विशेषकर बेटियों को अपने सपनों को साकार करने के लिए प्रेरित किया है। हरियाणा ग्रामीण बैंक ने इस सम्मान समारोह के माध्यम से खेल प्रतिभाओं के प्रति अपना सम्मान व्यक्त किया तथा युवाओं को मेहनत, लगन और समर्पण के साथ आगे बढऩे का संदेश दिया।
कार्यक्रम के दौरान सुश्री इशिका सांभ्रवाल ने अपनी खेल यात्रा, संघर्ष, अभ्यास, उपलब्धियों और यादगार अनुभवों को साझा किया। उन्होंने अपनी सफलता के माध्यम से यह संदेश दिया कि लक्ष्य के प्रति समर्पण, कठिन परिश्रम और आत्मविश्वास से चुनौतियों को अवसरों में बदला जा सकता है।
इस अवसर पर क्षेत्रीय कार्यालय के वरिष्ठ प्रबंधक अमित एवं राकेश कुमार, प्रबंधक मनजीत, बैंक के सेवानिवृत्त एमपी कौशिक, जीडी शर्मा एवं पदम सिंह तंवर तथा सुनील कुमार, साहिल छाबड़ा, मनीष, ललित, अनिल पंघाल, हिमानी, वंदना, अंजलि, आकाश कुमारी आदि मौजूद थी।