Bar Association Bhiwani News: 11 सितंबर को होगा मतदान, प्रधान पद पर सुरेंद्र हंस, युधिष्ठिर वत्स समेत 4 प्रत्याशी आमने-सामने

भिवानी बार एसोसिएशन चुनाव 2026 के लिए नामांकन प्रक्रिया संपन्न। प्रधान पद के लिए चार प्रत्याशी मैदान में उतरे।
 
Yudhishtar Vats

भिवानी बार एसोसिएशन चुनाव 2026 : नामांकन के अंतिम दिन सरगर्मियां तेज, प्रधान पद के लिए चार प्रत्याशी मैदान मे

भिवानी, 02 सितंबर : आगामी 11 सितंबर को आयोजित होने वाले भिवानी बार एसोसिएशन के वार्षिक चुनावों को लेकर कोर्ट परिसर में चुनावी सरगर्मियां बेहद तेज हो गई हैं। चुनाव कमेटी के चेयरमैन रविंद्र शर्मा देवसरिया ने बताया कि बुधवार को नामांकन प्रक्रिया का अंतिम दिन रहा, जिसके बाद विभिन्न पदों पर अपनी दावेदारी ठोक रहे वकीलों और उनके समर्थकों का उत्साह चरम पर पहुंच गया है। नामांकन के आखिरी दिन प्रत्याशी अपने समर्थकों के साथ ढोल-नगाड़ों और नारेबाजी के बीच अपना पर्चा दाखिल करने पहुंचे। चुनाव कमेटी से मिली जानकारी के अनुसार विभिन्न प्रमुख पदों के लिए अधिवक्ताओं ने अपनी दावेदारी पेश की है। इसके तहत प्रधान पद के लिए 4 प्रत्याशियों सुरेंद्र हंस, युधिष्ठिर वत्स, विकास बुडानिया और भरत सिंह बूरा ने अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। वही उपप्रधान पद के लिए महिल आरक्षित रश्मी ठाकुर, पूजा तंवर और मीना सिंधू सहित सामान्य में 4 उम्मीदवाारों ने अपना नामांकन पत्र दाखिल किया।

सचिव पद के लिए 5 प्रत्याशियों संजय महता, वरूण टिटाणी, नरेंद्र वशिष्ठ, सचिन सिंगला और जगजीत परमार ने तथा सह सचिव पद के लिए एक प्रत्याशी रेखा ने अपना नामांकन पत्र दाखिल किया है। नामांकन की प्रक्रिया पूरी होते ही अब उम्मीदवारों ने वोटरों को साधने के लिए चैंबर-टू-चैंबर जनसंपर्क अभियान तेज कर दिया है। चुनाव कमेटी के चेयरमैन रविंद्र शर्मा देवसरिया ने बताया कि चुनाव को पूरी तरह से निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न करवाया जाएगा। उन्होंने बताया कि भिवानी बार में पहली बार दो उपप्रधान के पद रखे गए है। जिसमें एक महिला आरक्षित तथा एक पद सामान्य रहेगा। उन्होंने बताया कि अधिवक्ताओं को मतदान प्रक्रिया के दौरान किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए पुख्ता इंतजाम किए जा रहे हैं। मतदान के दिन अत्यधिक भीड़ को नियंत्रित करने और सुचारू व्यवस्था बनाए रखने के लिए 2 अलग-अलग लाइनें बनाई जाएंगी तथा 4 पोलिंग बूथ स्थापित किए जाएंगे। बार एसोसिएशन चुनाव को लेकर पूरे कोर्ट परिसर में गहमागहमी का माहौल है और प्रत्याशी अपनी जीत सुनिश्चित करने के लिए हर संभव रणनीति तैयार कर रहे हैं।