नई कार्यकारिणी का शपथ ग्रहण, सामाजिक सरोकार के साथ नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर में 120 लोगों ने लिया लाभ
 

जरूरतमंद लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने महत्वपूर्ण है नि:शुल्क शिविर : विधायक कपूर सिंह वाल्मीकि
 
 
बवानीखेड़ा मेडिकल कैंप

भिवानी, 28 जून : कस्बा बवानीखेड़ा के दक्ष प्रजापति सामुदायिक भवन में रविवार को एक अनूठी और प्रेरणादायक पहल देखने को मिली। यहाँ नई कार्यकारिणी के शपथ ग्रहण समारोह को केवल एक औपचारिक कार्यक्रम न बनाकर, इसे सामाजिक सरोकार से जोड़ा गया। इस अवसर पर नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें क्षेत्र के करीब 120 जरूरतमंद मरीजों ने अपनी सेहत की जांच करवाई और मुफ्त दवाइयों का लाभ उठाया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे विधायक कपूर सिंह वाल्मीकि ने नई कार्यकारिणी को बधाई दी और स्वास्थ्य शिविर की सराहना की। इस अवसर पर विशिष्ट अतिथियों में नगर पालिका चेयरमैन सुंदर अत्री, रमेश टाक भिवानी, ओमकरण प्रजापति (हथीन, पलवल), राजेश वाल्मीकि, नरेश रानोलिया सरपंच सिकंदरपुर, राजा चौहानपुर, डॉ. नितेश गोयल, सूबे सिंह, जयपाल नाहडिय़ा, विनोद जलंधरा, बाली ठेकेदार, रामकिशन कलोइया, सुखपाल लोहानीवाल, मनीराम, सुखबीर भाकर, प्रदीप राणा भाजपा मंडल अध्यक्ष, जगदम्बा मेहता, हिम्मत तंवर, राजबीर तंवर, पार्षद जोगेंद्र, रिंकू, प्रदीप, सुंदर राईका, श्रीभगवान नाहडिय़ा एवं बलराम सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।
    इस मौके पर विधायक कपूर सिंह वाल्मीकि नेकहा कि ऐसे सामाजिक और सेवा कार्य समाज के अंतिम पायदान पर खड़े जरूरतमंद लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। राजनीति और संगठन का असली मकसद जनता की सेवा होना चाहिए, जिसकी झलक आज इस कार्यक्रम में दिखी है। समारोह के दौरान नई कार्यकारिणी ने पूरे जोश के साथ अपने पदों की गोपनीयता और समाज सेवा की शपथ ली। जोगीराम नाहडिय़ा ने प्रधान पद की शपथ ग्रहण की। उनके साथ संगठन को मजबूती देने के लिए उपप्रधान बाली ठेकेदार, सचिव प्रदीप, महासचिव विनोद जलंधरा, कोषाध्यक्ष ओमपाल नाहडिय़ा, प्रेस सचिव: संजय मिल्खा, संरक्षक सुधीर नाहडिय़ा बने।
    इस अवसर पर सिकंदरपुर के सरपंच नरेश रानोलिया प्रजापति ने समाज कल्याण के लिए एक बड़ी और अनुकरणीय घोषणा की। उन्होंने कहा कि सिकंदरपुर से 35 किलोमीटर के दायरे में बनने वाली प्रत्येक प्रजापति धर्मशाला में वे एक कमरे के निर्माण का पूरा सहयोग करेंगे। इसी कड़ी में उन्होंने बवानीखेड़ा धर्मशाला के लिए न केवल एक कमरे का निर्माण करवाया, बल्कि बिजली की सुचारू व्यवस्था के लिए एक जनरेटर भी दान स्वरूप भेंट किया। स्वास्थ्य शिविर में डॉक्टरों की विशेष टीम जिसमें डॉ. नितेश गोयल सहित अन्य विशेषज्ञ शामिल थे, ने मरीजों की बारीकी से जांच की। उन्हें स्वास्थ्य से जुड़े जरूरी परामर्श दिए गए और मुफ्त दवाइयां भी बांटी गईं।