Bhiwani Bhim Stadium Update: एशियाई और पैराएशियन खिलाड़ियों के सम्मान समारोह की तैयारियां तेज, पुख्ता इंतजाम के निर्देश
भिवानी के भीम स्टेडियम में 30 अक्टूबर को होने वाले एशियाई पदक विजेता खिलाड़ियों के राज्य स्तरीय सम्मान समारोह की तैयारियों का सांसद धर्मबीर सिंह ने जायजा लिया।
सांसद चौ. धर्मबीर सिंह ने भीम स्टेडियम में पहुंचकर लिया सम्मान समारोह की तैयारियों का जायजा
सम्मान समारोह की व्यवस्थाओं को लेकर अधिकारियों को दिए जरूरी निर्देश
भिवानी, 26 अक्टूबर। सांसद चौ. धर्मबीर सिंह ने सोमवार को स्थानीय भीम स्टेडियम का दौरा किया। उन्होंने यहां पर 30 अक्टूबर को एशियाई और पैराएशियाई खिलाडिय़ों के सम्मान में आयोजित होने वाले प्रदेश स्तरीय समारोह की व्यवस्थाओं के लिए अधिकारियों से जानकारी ली और जरूरी निर्देश दिए। सांसद ने कहा कि यह समारोह अपने आप में एक यादगार होगा। मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे। इस दौरान हरियाणा और पंजाब की लड़कियों के बीच कबड्डïी का मैच मुख्य आकर्षण का केंद्र होगा।

स्टेडियम में निरीक्षण के दौरान सांसद धर्मबीर सिंह ने एसडीएम महेश कुमार और डीएमसी हरबीर सिंह से समारोह में मुख्य मंच और पंडाल की व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी ली। उन्होंने कहा कि समारोह में शामिल होने वाले लोगों को किसी प्रकार की दिक्कत नहीं होनी चाहिए। व्यवस्था इस प्रकार बनाई जाए कि दर्शक आसानी से हरियाणा और पंजाब की लड़कियों के बीच कबड्डïी का मैच देख सकें। इस मैच के दौरान दर्शकों का उत्साह देखने लायक होगा।
सांसद ने कहा कि समारोह में आने वाले लोगों के लिए उपयुक्त जगह पर प्रवेश मार्ग बनाए जाएं। समारोह में किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो। समारोह के दौरान मुख्यमंत्री के हाथों सम्मान राशि पाने वाले एशियाई और पैरा एशियाई पदक विजेता खिलाडिय़ों और प्रतिभागी खिलाडिय़ों के बैठने के लिए अलग से जगह सुनिश्चित की जाए ताकि मंच तक आने में उनको परेशानी न हो। उन्होंने निर्देश दिए कि समय रहते सभी तैयारियां पूरी की जाएं। इस दौरान खेल उप निदेशक रामहेर सिंह व जिला खेल अधिकारी विद्यानंद यादव भी मौजूद रहे। उन्होंने सांसद चौ. धर्मबीर सिंह को सम्मान समारोह के बारे में जानकारी दी।

उल्लेखनीय है कि सम्मान समारोह में कुल करीब 185 करोड़ रुपए की राशि खिलाडिय़ों को सम्मान स्वरूप प्रदान की जाएगी, जिसमें 133 करोड़ रुपए की राशि एशियाई खेलों के खिलाडिय़ों को दी जाएगी। समारोह में प्रदेशभर से करीब 15 हजार युवा-खिलाडिय़ों के अलावा खेल प्रशिक्षक, खेल प्रशंसक भाग लेंगे।