भिवानी में विजय उत्सव : पश्चिम बंगाल और असम में कमल खिलने पर विधायक कार्यालय पर जश्र
भिवानी, 04 मई : पश्चिम बंगाल, असम और पुडुचेरी विधानसभा चुनावों में भारतीय जनता पार्टी की ऐतिहासिक सफलता और शानदार बढ़त का असर छोटी काशी भिवानी में भी साफ दिखाई दिया। सोमवार को स्थानीय बाग कोठी स्थित विधायक घनश्याम सर्राफ के कार्यालय पर उत्सव जैसा माहौल रहा। यहां विधायक पुत्र एवं युवा भाजपा नेता अमन सर्राफ के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने एकत्रित होकर ढोल-नगाड़ों की थाप पर जश्न मनाया और जीत की खुशी में लड्डू बांटे। इस अवसर पर कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए अमन सर्राफ ने कहा कि यह जीत केवल भाजपा की नहीं, बल्कि देश के सवा सौ करोड़ लोगों के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर अटूट विश्वास की जीत है। उन्होंने कहा कि आज पश्चिम बंगाल में जिस तरह से भाजपा ने ममता राज के किलों को ढहाया है, वह साफ संदेश है कि जनता अब हिंसा और तुष्टीकरण नहीं, बल्कि विकास और सुशासन चाहती है।
असम में भाजपा की हैट्रिक और पुडुचेरी में एनडीए का परचम लहराना यह सिद्ध करता है कि प्रधानमंत्री मोदी की जनकल्याणकारी नीतियां समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुँच रही हैं। जश्न में विशेष रूप से शामिल हुए भाजपा स्वच्छता विभाग के जिला संयोजक रमेश सैनी ने भी कार्यकर्ताओं का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने जिस तरह देश में स्वच्छता अभियान के जरिए गंदगी को साफ किया है, उसी तरह इन चुनावी नतीजों ने राजनीति से भ्रष्टाचार और अराजकता की गंदगी को साफ करने का काम किया है। असम और बंगाल के भाई-बहनों ने साबित कर दिया है कि वे राष्ट्रवाद और विकास के पथ पर अग्रसर हैं। कार्यकर्ताओं का जोश बताता है कि आने वाले समय में भी भाजपा हर मोर्चे पर विजय पताका फहराएगी। इस अवसर पर अनिल सोनी, मोहित गोयल, विजय सिंहमार, रामू जेवडीवाला, आनंद तंवर, सुजान सिंह, परमार, सुनील सैनी, संजय ठाकुर, कृष्ण सोनी, प्रकाश बडाला, हरीश प्रधान, सुनील जांगड़ा, आनंद पीए, संजय राणा सहित अनेक कार्यकर्ता मौजूद रहे।

