सुनील धारेडू के निवास पर संगठन महामंत्री फणीन्द्रनाथ शर्मा का प्रवास, विभिन्न मुद्दों पर हुई चर्चा
 

स्वदेशी  वस्तुओं को अपनाना ही है विकसित भारत की नींव : फणीन्द्रनाथ शर्मा
ग्रामीण मंडल का प्रत्येक कार्यकर्ता पार्टी के विजन को मजबूत करने के लिए तत्पर : सुनील भारद्वाज धारेडू
 
 
विकसित भारत अभियान

भिवानी, 27 जून : भाजपा के संगठनात्मक ढांचे को और अधिक सुदृढ़ व सक्रिय बनाने के उद्देश्य से प्रदेश संगठन महामंत्री फणीन्द्रनाथ शर्मा ने भाजपा ग्रामीण मंडल अध्यक्ष सुनील भारद्वाज धारेडू के निवास स्थान पर एक विशेष संगठनात्मक प्रवास किया। इस उच्च स्तरीय बैठक में संगठन महामंत्री के साथ भाजपा जिला अध्यक्ष विरेन्द्र कौशिक, जिला प्रभारी रेणु डाबला और मंडल प्रभारी राहुल नरेंद्र शर्मा भी मुख्य रूप से मौजूद रहे। इस दौरान संगठन महामंत्री ने स्थानीय कार्यकर्ताओं से आत्मीय मुलाकात की और आगामी राजनीतिक रणनीतियों को लेकर विस्तृत चर्चा की। संगठन के शीर्ष नेतृत्व के इस दौरे से क्षेत्र के कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह का माहौल देखा जा रहा है।
     बैठक में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए भाजपा संगठन महामंत्री फणीन्द्रनाथ शर्मा ने कहा कि भाजपा केवल एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि एक जीवंत परिवार है जिसकी असली ताकत उसके जमीनी कार्यकर्ता हैं। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की नींव हमारे कर्मठ और निष्ठावान कार्यकर्ताओं के पसीने से सींची गई है। आज का यह प्रवास कोई औपचारिक बैठक नहीं, बल्कि परिवार के सदस्यों के साथ बैठकर संगठन को और अधिक धार देने का संवाद है। हमें सरकार की जनहितैषी नीतियों को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। आने वाले समय में हमारा पूरा ध्यान बूथ स्तर को डिजिटल और अभेद्य बनाने पर होना चाहिए। हर कार्यकर्ता खुद को पार्टी का ब्रांड एंबेसडर मानकर जनता के बीच जाए। इसके साथ ही उन्होंने स्वदेशी उत्पाद अपनाने पर भी जोर देते हुए कहा कि हर घर स्वदेशी  वस्तुओं को अपनाना ही विकसित भारत की नींव है। 
    इस मौके पर ग्रामीण मंडल अध्यक्ष सुनील भारद्वाज धारेडू ने अपने निवास स्थान पर पहुंचे सभी वरिष्ठ पदाधिकारियों का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि संगठन मंत्री द्वारा दिए गए संगठनात्मक मंत्रों को हम अक्षरश: धरातल पर उतारेंगे। हमारे मंडल का एक-एक कार्यकर्ता पूरी निष्ठा के साथ पार्टी के विजन को मजबूत करने के लिए तैयार है। इस प्रवास से ग्रामीण क्षेत्र के कार्यकर्ताओं को जो वैचारिक ऊर्जा मिली है, उसका सकारात्मक परिणाम आगामी दिनों में संगठन के विस्तार के रूप में दिखेगा।
    इस अवसर  मनोज ढाणा, जिला महामंत्री रमेश, जिला उपाध्यक्ष प्रदीप, युवा मोर्चा ग्रामीण मंडल अध्यक्ष पवन वशिष्ठ, पूर्व सैनिक प्रकोष्ठ मंडल संयोजक राजकुमार फौजी नौरंगाबाद, मंडल महामंत्री ईश्वर यादव, बीएलए-2 मुकेश, पूर्व मंडल अध्यक्ष रमेश सांगा, दलीप, आनंद , सुशील, लक्षित भारद्वाज सहित अन्य पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।