ADC Deepak Babu Lal Karwa Blood Donation: एडीसी दीपक बाबू लाल करवा ने किया 45वीं बार रक्तदान, भिवानी के शिविर में युवाओं को किया प्रेरित

भिवानी में विशेष रक्तदान शिविर का आयोजन। एडीसी दीपक बाबू लाल करवा ने 45वीं और महंत प्रदीप नाथ ने 7वीं बार किया रक्तदान।
 
Sahara Charitable Trust Bhiwani

एडीसी दीपक बाबू लाल करवा ने 45 वीं बार रक्तदान कर युवाओं को किया प्रेरित

जोगीवाला मंदिर से महंत प्रदीप नाथ ने भी किया रक्तदान

भिवानी, 10 सितंबर। चौ. बंसीलाल नागरिक अस्पताल के ब्लड बैंक में सहारा चेरिटेबल ट्रस्ट एवं वंशिका फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में वीरवार को एक विशेष रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। एडीसी दीपक बाबू लाल करवा ने 45वीं बार रक्तदान कर युवाओं को रक्तदान के प्रति प्रेरित करने का काम किया। उन्होंने कहा कि रक्त की एक बूंद जरूरतमंद को नया जीवन प्रदान करती है। युवाओं को रक्तदान के लिए हमेशा तैयार रहना चाहिए। शिविर में 34  युवाओं ने रक्तदान किया। शिविर में जोगी वाला मंदिर से महंत प्रदीप नाथ महाराज ने विशेष रूप से शिरकत की। उन्होंने स्वयं रक्तदान कर शिविर का शुभारंभ किया और उपस्थित युवाओं में नया जोश भर दिया। उन्होंने 7 वीं बार रक्तदान किया है।

महंत प्रदीप नाथ ने कहा कि रक्तदान महादान है और इसकी वास्तविक महत्ता वही व्यक्ति समझ सकता है, जिसने कभी किसी प्रियजन को रक्त की कमी से तड़पते देखा हो। उन्होंने कहा कि मानव सेवा से बड़ा कोई धर्म नहीं है।

जब हमारा थोड़ा सा रक्त किसी का जीवन बचा सकता है, तो इससे बढक़र पुण्य का काम और क्या हो सकता है। आज के समय में युवाओं को आगे आकर इस सामाजिक सरोकार का हिस्सा बनना चाहिए।

इस दौरान चिकित्सकों ने कहा कि रक्तदान से शरीर में किसी प्रकार की कमजोरी नहीं आती, बल्कि यह स्वास्थ्य के लिए भी अत्यंत लाभकारी है।

इस मौके पर सहारा चेरिटेबल ट्रस्ट के अध्यक्ष जगदीश मिताथल एवं वंशिका फाउंडेशन के अध्यक्ष मनीष वर्मा, सिविल सर्जन डॉ. रघुबीर शांडिल्य, प्रधान चिकित्सा अधिकारी डॉ बलवान, डॉ हर्ष, शतकवीर रक्तदाता राजेश डुडेजा और डॉ रोहित ब्लक बैंक के अनेक स्टॉफ सदस्य मौजूद रहे।