कर्मचारियों के हक की लड़ाई : भिवानी में भारतीय मजदूर संघ के आह्वान पर सडक़ों पर उतरे कर्मचारी
शोषण का अड्डा बना हरियाणा कौशल रोजगार निगम : हवा सिंह तंवर
भिवानी, 02 जुलाई : भारतीय मजदूर संघ हरियाणा के आह्वान पर भिवानी जिले के विभिन्न विभागों के अनेक कर्मचारियों ने शहर में विरोध सभा का आयोजन किया गया, जिसका संचालन जिला मंत्री संदीप बागनवाला ने किया। कर्मचारियों में वादे के मुताबिक नियुक्ति पत्र न मिलने और अदालती फैसलों की अनदेखी को लेकर भारी नाराजगी दिखाई दी। इस दौरान कर्मचारियों ने शहर में प्रदर्शन करते हुए उपायुक्त के माध्यम से प्रदेश सरकार के नाम मांगपत्र सौंपा।
सभा को संबोधित करते हुए भारतीय मजदूर संघ के प्रांत मंत्री हवा सिंह तंवर व जिला मंत्री संदीप बागनवाला ने कहा कि मुख्यमंत्री ने वादा किया था कि 15 जून 2026 तक सेवा सुरक्षा नियम 2024 के अंतर्गत सभी पात्र कर्मचारियों को नियुक्ति पत्र दे दिए जाएंगे, लेकिन आज तक एक भी कर्मचारी को नियुक्ति पत्र नसीब नहीं हुआ है। उन्होंने हाईकोर्ट के फैसले का जिक्र करते हुए कहा कि एन.एच.एम. कर्मचारियों के सेवा नियम वित्त विभाग द्वारा फ्रीज कर दिए गए थे, जिसे पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट ने निरस्त कर दिया है। उच्च न्यायालय ने 10 वर्ष की सेवा पूरी कर चुके एनएचएम कर्मचारियों को नियमित करने का ऐतिहासिक निर्णय दिया है, लेकिन सरकार इस फैसले को लागू करने के बजाय इसके खिलाफ एलपीए दायर कर रही है। सरकार के इस कर्मचारी विरोधी रुख से राज्य भर के श्रमिकों में गहरा रोष है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में 5 वर्ष से अधिक समय से सेवाएं दे रहे कर्मचारियों को भी सर्विस एक्ट 2024 के लाभ से वंचित रखा जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग में एचकेआरएन के तहत काम कर रहे सफाई कर्मियों और वार्ड सहायकों को जबरन मेडिकल कॉलेजों में डेप्यूट कर दिया गया है। बेहद कम वेतन पाने वाले ये कर्मचारी प्रतिदिन अपने मुख्यालय से दूर ड्यूटी पर जाने को मजबूर हैं, जिससे उन्हें भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री से मिलने पर केवल आश्वासन मिलता है, कोई आधिकारिक बैठक नहीं बुलाई जाती।
हवा सिंह तंवर, संदीप बागनवाला व अनुबंधित विद्युत कर्मचारी संघ भिवानी के जिला अध्यक्ष इमरान बापोड़ा ने कहा कि सरकार कर्मचारियों के सब्र का इम्तिहान न ले। पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट ने कर्मचारियों के पक्ष में स्पष्ट निर्णय दिया है, लेकिन सरकार अपील दर अपील करके वक्त बर्बाद कर रही है और कच्चे कर्मचारियों का शोषण जारी रखना चाहती है। यदि सरकार ने अपनी हठधर्मिता नहीं छोड़ी और 5 वर्ष से कम सेवा वाले कर्मचारियों सहित सभी कच्चे कर्मचारियों को सेवा सुरक्षा नियम के दायरे में नहीं लाया, तो भारतीय मजदूर संघ पूरे प्रदेश में चक्का जाम और अनिश्चितकालीन आंदोलन से पीछे नहीं हटेगा।
इस अवसर पर विद्युत कर्मचारी संघ हरियाणा जिला अध्यक्ष इमरान, अनुबंध स्वास्थ्य कर्मचारी संघ जिला अध्यक्ष आबिद खान, कंप्यूटर प्रोफेशन संघ जिला अध्यक्ष अनिल कुमार, सफाई कर्मचारी राजवीर, चौ. बंसीलाल यूनिवर्सिटी जिला अध्यक्ष प्रदीप, वित्तीय ठेका मजदूर संघ नरेंद्र वशिष्ठ, समग्र शिक्षा जिला अध्यक्ष नरेश कुमार, संजय, अमित, वीरेंद्र, संजय पूनिया, जॉनी शर्मा, अजय भी साथ रहे।

