डिटेक्टिव स्टाफ लोहारू ने बस में यात्री की जेब काटकर ₹ 01 लाख चोरी करने की वारदात में शामिल दो आरोपी गिरफ्तार।
पुलिस अधीक्षक भिवानी श्री सुमित कुमार के निर्देशानुसार जिला पुलिस द्वारा चोरी की वारदातों में शामिल आरोपियों की गिरफ्तारी हेतु लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में कार्रवाई करते हुए डिटेक्टिव स्टाफ लोहारू ने बस में यात्री की जेब काटकर ₹ 01 लाख चोरी करने की वारदात में शामिल दो आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।
मामले के संबंध में सज्जन निवासी ईन्दीवाली, जिला भिवानी ने थाना तोशाम में शिकायत दर्ज करवाई थी कि दिनांक 11.05. 2026 को वह अपनी पुत्री के साथ बस अड्डा तोशाम से अपने गांव ईन्दीवाली जाने के लिए बस में सवार हुए थे। बस में चढ़ने के कुछ समय बाद जब उन्होंने अपनी जेब संभाली तो पाया कि उनकी जेब कट चुकी थी तथा उसमें रखे ₹ 1 लाख रुपए अज्ञात व्यक्ति द्वारा चोरी कर लिए गए थे। शिकायत के आधार पर थाना तोशाम में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
मामले में प्रभावी कार्रवाई करते हुए डिटेक्टिव स्टाफ लोहारू के उप निरीक्षक विनोद कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने माननीय न्यायालय से प्रोडक्शन वारंट हासिल कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नरेश पुत्र जगदीश निवासी बड़सी, जिला भिवानी तथा नरेंद्र पुत्र गजे सिंह निवासी थुराना थाना क्षेत्र, नारनौंद, जिला हिसार के रूप में हुई है।
पुलिस टीम द्वारा दोनों आरोपियों को माननीय न्यायालय में पेश कर एक दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया। रिमांड अवधि के दौरान आरोपियों से चोरी की राशि में से ₹ 20,000 बरामद किए गए। जांच में यह भी सामने आया है कि दोनों आरोपियों के विरुद्ध पूर्व में भी चोरी से संबंधित कई मामले दर्ज हैं।
रिमांड अवधि समाप्त होने के उपरांत दोनों आरोपियों को पुनः माननीय न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जिला कारागार भेजने के आदेश दिए गए।

