Shruti Choudhry Haryana Minister: शहीद राजेश कुमार के बलिदान को नमन, राजकीय महिला महाविद्यालय में छात्राओं का बढ़ाया हौसला
हरियाणा की मंत्री श्रुति चौधरी ने कैरू में अमर शहीद राजेश कुमार की प्रतिमा का अनावरण किया और महिला महाविद्यालय के खेलकूद समारोह में शिरकत की।
कैरू में कैबिनेट मंत्री श्रुति चौधरी ने अमर शहीद राजेश कुमार की प्रतिमा का किया अनावरण, महिला महाविद्यालय के खेलकूद समारोह में भी की शिरकत
कैरू। हरियाणा की सिंचाई एवं महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती श्रुति चौधरी ने कैरू में अमर शहीद राजेश कुमार की प्रतिमा का शासकीय सम्मान के साथ अनावरण कर उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान उन्होंने शहीद के परिजनों से मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम जाना और कैरू के लोगों से आत्मीय मुलाकात की।
मंत्री श्रुति चौधरी ने कहा कि अमर शहीद राजेश कुमार का बलिदान हरियाणा की वीर परंपरा, इस माटी की गौरवशाली विरासत और देशसेवा के संकल्प का अभिन्न हिस्सा है। उनका त्याग और समर्पण सदैव आने वाली पीढ़ियों को राष्ट्रसेवा के लिए प्रेरित करता रहेगा। शहीदों का सर्वोच्च बलिदान देश के प्रति कर्तव्य और समर्पण की भावना को मजबूत करता है।

इसके बाद मंत्री श्रुति चौधरी ने कैरू स्थित राजकीय महिला महाविद्यालय के वार्षिक खेलकूद समारोह में शिरकत की। उन्होंने छात्राओं से संवाद किया और खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को मेडल पहनाकर सम्मानित किया।
इस अवसर पर उन्होंने कहा कि खेल शारीरिक और मानसिक विकास के साथ-साथ अनुशासन, आत्मविश्वास और टीम भावना को भी मजबूत करते हैं। उन्होंने कामना की कि बेटियां खेलों के क्षेत्र में निरंतर आगे बढ़ें और अपनी प्रतिभा व मेहनत के दम पर प्रदेश और देश का नाम रोशन करें।
मंत्री ने छात्राओं को शिक्षा के साथ खेलों में भी बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रेरित किया।