- सीबीएलयू के प्रो. दिनेश कुमार मदान एवं शोधार्थी कनिका चड्ढा को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मिली बड़ी उपलब्धि
 

चौधरी बंसी लाल विश्वविद्यालय के प्रो. दिनेश कुमार मदान और शोधार्थी कनिका चड्ढा का रिसर्च पेपर स्प्रिंगर नेचर की प्रतिष्ठित रूसी पत्रिका में प्रकाशित होगा।
 
भूकंपीय जोखिम मूल्यांकन रिसर्च
भिवानी, 07 जून। चौधरी बंसी लाल विश्वविद्यालय भिवानी के गणित विभाग के प्रो. दिनेश कुमार मदान एवं शोधार्थी सुश्री कनिका चड्ढा द्वारा किया गया शोध कार्य अंतरराष्ट्रीय स्तर पर वैज्ञानिक पत्रिका मैकेनिक्स ऑफ सोलिड्स में प्रकाशन हेतु स्वीकृत किया गया है। यह पत्रिका रूस से प्रकाशित होती है तथा रूसी विज्ञान अकादमी के संरक्षण में संचालित की जाती है। विश्वभर में इसका प्रकाशन एवं वितरण स्प्रिंगर नेचर के माध्यम से किया जाता है। 
शोध पत्र में जटिल भूगर्भीय संरचनाओं में लव तरंगों के प्रसार का अध्ययन किया गया है। शोध में छिद्रयुक्त एवं रेतीले माध्यमों के साथ अनियमित अंतरफलक के प्रभावों का गणितीय मॉडलिंग के माध्यम से विश्लेषण किया गया है। अध्ययन के लिए बायोट की पोरोइलास्टिसिटी सिद्धांत का उपयोग किया गया है।
शोध के निष्कर्षों से पता चला है कि माध्यम में छिद्रता तथा रेतीलेपन में वृद्धि होने पर लव तरंगों का चरण वेग कम हो जाता है, जबकि अनियमित अंतरफलक तरंगों के प्रसार एवं विसरण गुणों को महत्वपूर्ण रूप से प्रभावित करता है। यह शोध भूकंपीय जोखिम मूल्यांकन, भूकंप अभियांत्रिकी, स्थल-प्रतिक्रिया अध्ययन तथा भूभौतिकीय अन्वेषण जैसे क्षेत्रों में उपयोगी सिद्ध होगा।
रूसी विज्ञान अकादमी से संबद्ध इस प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय शोध पत्रिका में शोध पत्र का स्वीकृत होना विश्वविद्यालय एवं गणित विभाग के लिए गौरव का विषय है। यह उपलब्धि विश्वविद्यालय में उच्च गुणवत्ता वाले शोध कार्यों को दर्शाती है तथा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सीबीएलयू की शोध पहचान को और सुदृढ़ करती है।
विश्वविद्यालय परिवार ने प्रो. दिनेश कुमार मदान एवं शोधार्थी कनिका चड्ढा को इस महत्वपूर्ण उपलब्धि पर हार्दिक बधाई दी है तथा उनके उज्ज्वल शोध भविष्य की कामना की है।