पर्यावरण संरक्षण के लिए अधिक से अधिक पेड़ लगाने जरूरी हैं: विधायक  घनश्याम सर्राफ
 

- गांव प्रेम नगर स्थित चौधरी बंसीलाल विश्वविद्यालय परिसर में वन विभाग के तत्वावधान में आयोजित हुआ जिला स्तरीय वन महोत्सव
 
 
भिवानी न्यूज हिंदी

-  विधायक घनश्याम सर्राफ ने की मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत और डीसी साहिल गुप्ता ने की कार्यक्रम की अध्यक्षता
- विश्वविद्यालय की कुलगुरु प्रो. दीप्ति धर्माणी, भाजपा के जिलाध्यक्ष वीरेंद्र कौशिक, हरियाणा महिला विकास निगम की चेयरपर्सन सुनीता दांगी की रही गरिमामयी उपस्थिति
भिवानी, 30 जुलाई।   वन विभाग द्वारा गांव प्रेम नगर स्थित चौधरी बंसीलाल विश्वविद्यालय परिसर में जिला स्तरीय वन महोत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विधायक घनश्याम सर्राफ ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। डीसी साहिल गुप्ता ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की। इस दौरान वन विभाग द्वारा विश्वविद्यालय परिसर में करीब 2200 पौधे लगाए गए, जिसमें विधायक श्री सर्राफ, डीसी श्री गुप्ता, विश्वविद्यालय की कुलगुरु प्रो. दीप्ति धर्माणी, हरियाणा महिला विकास निगम की चेयरपर्सन सुनीता दांगी, भाजपा जिलाध्यक्ष वीरेंद्र कौशिक, विश्वविद्यालय की कुलसचिव भावना शर्मा, उप वन संरक्षक डॉ राजेश वत्स और भिवानी ब्लॉक समिति के चेयरमैन सीताराम शर्मा ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस दौरान करनाल के कुटेल में आयोजित प्रदेश स्तरीय वन महोत्सव का सीधा प्रसारण दिखाया गया, जिसमें प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने प्रदेशवासियों को अपना संदेश दिया। विश्वविद्यालय के कार्यक्रम में मौजूद विद्यार्थियों ने मुख्यमंत्री के लाईव प्रसारण कार्यक्रम को बड़े उत्साह और गौर से देखा।
विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम में विधायक श्री सर्राफ ने कहा कि मौजूदा समय में दिन प्रतिदिन पर्यावरण का संतुलन बिगड़ रहा है, जिसका सीधा असर हमारे स्वास्थ्य पर पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण के लिए अधिक से अधिक पौधे लगाने जरूरी हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे अपने जन्म दिवस और पूर्वजों की याद में पौधारोपण जरूर करें। उन्होंने कहा कि पौधारोपण के साथ-साथ इनका देखभाल करना भी जरूरी है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी द्वारा भी देश के सभी नागरिकों से पर्यावरण संरक्षण के लिए एक पेड़- मां के नाम लगाने का आह्वान किया हुआ है। ऐसे में सभी एक पेड़ मां के नाम अवश्य लगाएं। उन्होंने कहा कि प्रकृति की गोद में जाकर ही हम स्वस्थ रह सकते हैं। प्रधानमंत्री द्वारा एक पेड़ मां के नाम लगाने के आह्वान का बड़ा सकारात्मक असर दिखाई दे रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार पर्यावरण संरक्षण के लिए प्रतिबद्ध है।
विश्वविद्यालय की कुलगुरु प्रो. दीप्ति धर्मानी ने कहा कि पौधे जीवन का आधार हैं। पौधों के बिना जीवन संभव नहीं है। हमें पौधों से ही ऑक्सीजन मिलती है। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय परिसर में  उपयुक्त जगह पर पौधारोपण किया जा रहा है ताकि पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ विश्वविद्यालय परिसर हरा भरा और सुंदर बने।
कार्यक्रम के दौरान सभी मेहमानों का आभार प्रकट करते हुए उप वन संरक्षक डॉ राजेश वत्स ने बताया कि अबकी साल जिला में वन विभाग द्वारा एक लाख 62 हजार पौधे लगाए जाएंगे। इसके अलावा वन विभाग दो लाख से अधिक पौधे निशुल्क वितरण करेगा। उन्होंने बताया कि आज जिले भर में करीब 5000 पौधे लगाए गए हैं। उन्होंने कहा कि वन विभाग का हर संभव प्रयास रहता है कि अधिक से अधिक पौधे लगाकर जिला को हराभरा बनाया जाए।
कार्यक्रम के दौरान वन विभाग द्वारा पर्यावरण संरक्षण पर आयोजित प्रतियोगिता में अव्वल आने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर डीन एकेडमिक अफेयर्स प्रो. सुनीता भरतवाल, प्रो संजीव कुमार, प्रो ललिता गुप्ता, डीन स्टूडेंट वेलफेयर डॉ सुरेश मलिक, प्रो नितिन बंसल, डॉ स्नेहलता, डॉ आशा पूनिया, डॉ सोनल शेखावत, रमेश सैनी व आनंद कुमार सहित अनेक कर्मचारी एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।