- मकानों की गणना शुरू नहीं करने वाले 246 प्रगणक डीसी के रडार पर
 

- जल्द कार्य शुरू नहीं किया तो होगी सख्त कार्रवाई
- जिले में जनगणना-2027 का कार्य 88.16 प्रतिशत तक पहुंचा कार्य
 
 
Census Block Status Bhiwani District
भिवानी, 13  मई। जिला में अपने-अपने ब्लॉक में मकानों की गणना का काम शुरू नहीं करने वाले 246 प्रगणक डीसी साहिल गुप्ता के रडार पर है। यदि इन्होंने अतिशीघ्र अपना कार्य शुरु नहीं किया तो इन पर सख्त कार्रवाई होना लाजमी है। डीसी द्वारा जनगणना कार्य में लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ न केवल सख्त कार्रवाई लाने की चेतावनी दी जा चुकी है, बल्कि एक शिक्षक के खिलाफ पुलिस में मुकदमा भी दर्ज करवाया जा चुका है। इसके साथ-साथ अपने काम को निर्धारित समय से पहले ही संपन्न करने वाले आठ शिक्षकों को डीसी द्वारा सम्मानित भी किया जा चुका है। वहीं दूसरी ओर डीसी के मार्गदर्शन में जनगणना-2027 के तहत जिले में मकानों की गणना का 88.16 प्रतिशत तक पहुंच गया है।
नगराधीश अनिल कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि जिला में गणना कार्य के लिए जिला में 2078 ब्लॉक बनाए गए हैं। एक ब्लॉक में 700 से 900 की जनसंख्या है, यानि करीब 150 से 200 मकान शामिल हैं। गणना कार्य के लिए जिला में करीब 2500 प्रगणक लगाए गए हैं। इसके अलावा 6 एलूमिनेटर पर एक सुपरवाइजर लगाया गया है। ऐसे में करीब 600 सुपरवाईजर हैं।
 उन्होंने बताया कि जिले में फिलहाल 1813 ब्लॉक पर कार्य तेज गति से प्रगति पर है, जबकि 19 ब्लॉक में कार्य पूर्ण किया जा चुका है। लोहारू एमसी में 96.55 प्रतिशत, लोहारू में 98.38 प्रतिशत, सिवानी एमसी व बवानी खेड़ा एमसी में 100 प्रतिशत कार्य प्रगति दर्ज की गई है। वहीं सिवानी क्षेत्र में 89.93 प्रतिशत, तोशाम में 83.80 प्रतिशत, भिवानी एमसी में 75.39 प्रतिशत, भिवानी में 93.82 प्रतिशत तथा बवानीखेड़ा में 87.90 प्रतिशत प्रगति दर्ज हुई है।
उन्होंने बताया कि जिला में 246 ब्लॉक ऐसे हैं, जिनमें नियुक्त प्रगणकों द्वारा कार्य शुरु नहीं किया गया है, जो डीसी की रडार पर हैं। इन ब्लॉक में लोहारू एमसी में एक ब्लॉक, लोहारू में चार, सिवानी में 14, तोशाम में 52, भिवानी नगर पालिका में 110, भिवानी में 35 व बवानीखेड़ा में 30 प्रगणक ऐसे हैं, जिन्होंने अपने ब्लॉक में मकानों की गणना कार्य शुरु नहीं किया है।
बॉक्स
- जनगणना कार्य में लापरवाही बरतने वालोंं पर होगी कार्रवाई: डीसी
जनगणना जैसे अति महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। प्रगणकों को सख्त निर्देश दिए हैं कि जहां कार्य प्रारंभ नहीं हुआ है, वहां तत्काल प्रभाव से अपना कार्य शुरु करें। यदि कोई प्रगणक अपने कार्य में लापरवाही बरतता है तो उनके खिलाफ कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
- साहिल गुप्ता, डीसी भिवानी।