जनगणना-2027 : कार्यशालाओं में पर्यवेक्षकों को दिए प्रगणकों से तेजी से कार्य करवाने के निर्देश

-डीसी साहिल गुप्ता के निर्देश पर जिले भर के प्रत्येक ब्लॉक में आयोजित हुई कार्यशालाओं में पहुंचे चार्ज ऑफिसर
 
 
Census 2027 Bhiwani Update
भिवानी, 18 मई। जनगणना-2027 के कार्य में तेजी लाने को लेकर डीसी साहिल गुप्ता के निर्देशानुसार स्थानीय हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड परिसर में एक कार्यशाला का आयोजन हुआ। कार्यशाला में चार्ज ऑफिसरों ने जनगणना में नियुक्त सुपरवाईजर को अपने-अपने प्रगणकों से तेजी से काम लेने के निर्देश दिए। वहीं दूसरी ओर डीसी के आदेशानुसार जिलेभर में प्रत्येक ब्लॉक में सुपरवाईजर व प्राचार्यों की कार्यशाला आयोजित कर उनको जरूरी निर्देश दिए गए। वहीं डीसी श्री गुप्ता ने कहा कि सुपरवाइजर और प्रगणक अपने काम में तेजी लाने के साथ-साथ सावधानी से कार्य करें। सर्वे में सभी जरूरी जानकारी लेनी है।
उल्लेखनीय है कि जनगणना-2027 तहत एक मई से मकानों की सूचीकरण का कार्य चल रहा है। जिला में गणना कार्य के लिए जिला में 2078 ब्लॉक बनाए गए हैं। एक ब्लॉक में 700 से 900 की जनसंख्या है, यानि करीब 150 से 200 मकान शामिल हैं। गणना कार्य के लिए जिला में करीब 2500 एन्यूमरेटर यानि प्रगणक लगाए गए हैं। इसके अलावा 6 प्रगणक पर एक सुपरवाईजर लगाया गया है। ऐसे में करीब 600 सुपरवाईजर हैं।
मकानों के सूचीकरण कार्य में तेजी लाने के लिए डीसी श्री गुप्ता ने सख्त निर्देश जारी किए हैं, वहीं काम में कोताही बरतने वालों के खिलाफ सेंसस ऑफ इंडिया एक्ट-1948 तथा सेंसस रूल्स 1990 के तहत मुकदमा दर्ज करवाने की चेतावनी दी है। इसी कड़ी में जिलेभर के प्रत्येक खंड में कार्यशालाओं का आयोजन किया गया, जिसमें सुपरवाईजरों व प्राचार्यों ने भाग लिया। कार्यशालाओं में सभी संबंधित ब्लॉक के चार्ज ऑफिसर मौजूद रहे।
जार्च ऑफिसर ने सुपरवाईजर को अपने-अपने प्रगणकों द्वारा मकानों के सूचीकरण कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।
हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड परिसर में आयोजित कार्यशाला में जार्च ऑफिसर एवं तहसीलदार जयबीर सिंह, ईओ राजाराम, जिला शिक्षा अधिकारी निर्मल दहिया, खंड शिक्षा अधिकारी डॉ अनिल गौड़ व शहर व आसपास क्षेत्र के सभी सुपरवाइजर शामिल रहे।
बॉक्स
-सुपरवाईजर को निर्देश- फील्ड में जाकर प्रगणकों के कार्य का निरीक्षण
कार्यशाला में पर्यवेक्षकों को निर्देश दिए कि मकान सूचीकरण एवं आवास गणना कार्य निर्धारित दिशानिर्देशों के अनुसार पूर्ण गंभीरता एवं सावधानी से करवाएं। स्वयं फील्ड में जाकर प्रगणकों के कार्य का निरीक्षण करें। केवल परिवार के मुखिया का नाम, मोबाइल नंबर, परिवार के सदस्यों की संख्या जैसी सीमित जानकारी लेकर कार्य पूर्ण न माना जाए। प्रत्येक परिवार से आवास की स्थिति, उपलब्ध सुविधाएं, परिसंपत्तियां, पेयजल का स्रोत, ईंधन का प्रकार, इंटरनेट/कंप्यूटर उपलब्धता, शौचालय सुविधा, मुख्य अनाज आदि से संबंधित सभी आवश्यक प्रश्न विधिवत पूछे जाएं। किसी क्षेत्र विशेष अथवा मकान की बाहरी स्थिति के आधार पर अनुमान लगाकर जानकारी दर्ज न की जाए। जहां परिवार द्वारा स्वयं जनगणना आईडी उपलब्ध कराई जाती है, उसे निर्धारित प्रक्रिया अनुसार स्वीकार एवं दर्ज किया जाए। नागरिकों के साथ शिष्ट एवं सहयोगात्मक व्यवहार रखा जाए। पर्यवेक्षक नियमित रूप से फील्ड निरीक्षण एवं औचक जांच सुनिश्चित करें ताकि गणना कार्य की गुणवत्ता एवं पूर्णता बनी रहे। जनगणना अधिनियम, 1948 के अंतर्गत सही एवं व्यापक जानकारी का संकलन अत्यंत आवश्यक है, जिससे जनगणना 2027 की विश्वसनीयता एवं सफलता सुनिश्चित हो सके।
बॉक्स
-अपने कार्य में तेजी लाने के साथ-साथ सभी आवश्यक जानकारी लेना जरूरी: डीसी
प्रगणक अपने कार्य में तेजी लाने के साथ-साथ मकान सूचीकरण का कार्य सावधानी के साथ करें। सभी सुपरवाइजर फील्ड में जाकर प्रगणकों के कार्य का निरीक्षण करें। भारत सरकार के निर्देशानुसार सर्वे के दौरान आवश्यक जानकारी लेना जरूरी है। काम में लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ सेंसस ऑफ इंडिया एक्ट-1948 तथा सेंसस रूल्स 1990 के तहत मुकदमा दर्ज करवाया जाएगा: साहिल गुप्ता, डीसी भिवानी।