सीआईए स्टाफ-द्वितीय भिवानी ने वर्ष 2023 के अभियोग में फरार चल रहे ₹ 5,000 के इनामी आरोपी को किया गिरफ्तार।
पुलिस अधीक्षक भिवानी श्री सुमित कुमार, आईपीएस के निर्देशन में फरार एवं इनामी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सीआईए स्टाफ-द्वितीय भिवानी ने वर्ष 2023 में थाना तोशाम में दर्ज अभियोग में फरार चल रहे ₹ 5,000 के इनामी आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।
गिरफ्तार आरोपी को पुलिस टीम द्वारा माननीय न्यायालय में पेश कर दो दिन के पुलिस रिमांड पर हासिल किया गया, ताकि मामले में गहन पूछताछ कर वारदात से जुड़े अन्य साक्ष्य एवं सामान की बरामदगी की जा सके।
थाना तोशाम में वर्ष 2023 में दर्ज अभियोग के अनुसार पुलिस को सूचना मिली थी कि एक कैंटर में बड़ी संख्या में गोवंश को क्रूरता पूर्वक भरकर तस्करी के लिए ले जाया जा रहा है। सूचना पर पुलिस टीम ने वाहन को रोकने का प्रयास किया, लेकिन आरोपियों ने वाहन को तेज गति से भगाते हुए पुलिस पर पथराव किया तथा जान से मारने की नीयत से फायरिंग भी की। पीछा करने के बाद पुलिस ने कुछ आरोपियों को मौके पर काबू किया, जबकि अन्य आरोपी फरार हो गए। पुलिस ने मौके से गोवंश, अवैध हथियार एवं अन्य सामान बरामद कर आरोपियों के विरुद्ध हत्या के प्रयास, सरकारी कार्य में बाधा, गो-तस्करी, शस्त्र अधिनियम तथा हरियाणा गोवंश संरक्षण एवं गोसंवर्धन अधिनियम सहित विभिन्न धाराओं के तहत अभियोग दर्ज किया था।
रिमांड के दौरान वारदात में प्रयुक्त गाड़ी बरामद
पुलिस रिमांड अवधि के दौरान आरोपी से गहन पूछताछ करते हुए पुलिस टीम ने वारदात में प्रयुक्त एक गाड़ी बरामद करने में सफलता हासिल की। आवश्यक पूछताछ पूर्ण होने के उपरांत आरोपी को आज पुनः माननीय न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जिला कारागार भेजने के आदेश दिए गए।

