Dadri Gate Circular Road Bhiwani Jewelers Theft: दादरी गेट सर्कुलर रोड पर श्याम ज्वेलर्स चोरी कांड में बड़ी सफलता, तीन आरोपी गिरफ्तार

भिवानी में सीआईए स्टाफ प्रथम ने ज्वेलर्स की दुकान से चांदी के आभूषण चोरी करने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने 7.15 लाख रुपये का माल बरामद किया है।
 
SP Mayank Mishra IPS Bhiwani

सीआईए स्टाफ प्रथम भिवानी ने दादरी गेट सर्कुलर रोड पर ज्वेलर्स की दुकान से चांदी के आभूषण चोरी करने के मामले में तीन आरोपी गिरफ्तार।

*सीआईए स्टाफ प्रथम भिवानी की टीम ने चोरीशुदा चांदी के आभूषण, वारदात में प्रयोग की गई गाड़ी व नकदी की बरामद। आरोपियों से कुल 07 लाख 15 हजार रुपये की बरामदगी। चोरी के आभूषण खरीदने वाला ज्वेलर्स भी गिरफ्तार।*

पुलिस अधीक्षक भिवानी श्री मयंक मिश्रा, आईपीएस के निर्देशानुसार जिला पुलिस द्वारा घरों व दुकानों में चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी कर उनके विरुद्ध प्रभावी कानूनी कार्रवाई की जा रही है। इसी अभियान के तहत सीआईए स्टाफ प्रथम भिवानी की टीम ने दादरी गेट सर्कुलर रोड स्थित ज्वेलर्स की दुकान से लाखों रुपये के चांदी के आभूषण चोरी करने के मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।

शिकायतकर्ता विशाल निवासी पतराम गेट, भिवानी ने थाना शहर भिवानी में शिकायत दर्ज करवाई थी कि उसकी दादरी गेट सर्कुलर रोड पर श्याम ज्वेलर्स के नाम से दुकान है। दिनांक 18.10.2026 की शाम को वह दुकान बंद करके घर चला गया था। अगले दिन दिनांक 19.10.2026 की सुबह पड़ोसियों ने उसे सूचना दी कि उसकी दुकान का ताला टूटा हुआ है। शिकायतकर्ता ने दुकान पर पहुंचकर देखा तो चोर दुकान का ताला तोड़कर वहां से लाखों रुपये के चांदी के आभूषण चोरी करके ले गए थे। शिकायत के आधार पर थाना शहर भिवानी में संबंधित धाराओं के तहत अभियोग दर्ज कर जांच शुरू की गई।

सीआईए स्टाफ प्रथम ने दो आरोपियों को पहले किया था गिरफ्तार:

मामले में प्रभावी कार्रवाई करते हुए दिनांक 25.10.2026 को सीआईए स्टाफ प्रथम भिवानी की टीम ने उपनिरीक्षक आनंद कुमार के नेतृत्व में कार्रवाई करते हुए चोरी की वारदात में शामिल दो आरोपियों को गिरफ्तार किया था।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान *विनय पुत्र धर्मेंद्र, निवासी गांव कोहलावास, थाना बौंद कलां, जिला चरखी दादरी तथा मोहित पुत्र संजय, निवासी सांक रोड, जिला चरखी दादरी* के रूप में हुई थी।

पुलिस टीम ने दिनांक 26.10.2026 को दोनों आरोपियों को माननीय न्यायालय में पेश कर दो दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया था। पुलिस रिमांड के दौरान आरोपियों से चोरी के चांदी के आभूषण तथा आभूषण बेचकर प्राप्त नकदी बरामद की गई। इसके अतिरिक्त, वारदात में प्रयोग की गई गाड़ी भी बरामद की गई।

चोरी के आभूषण खरीदने वाला ज्वेलर्स भी गिरफ्तार:

पुलिस रिमांड के दौरान पूछताछ तथा जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर पुलिस टीम ने दिनांक 28.10.2026 को चोरी के चांदी के आभूषण खरीदने के मामले में एक अन्य आरोपी को भी गिरफ्तार किया।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान *आशीष पुत्र सुनील कुमार, निवासी सावड, जिला चरखी दादरी* के रूप में हुई है। आरोपी ने गांव में ज्वेलर्स की दुकान की हुई है। पुलिस टीम द्वारा आरोपी आशीष से 35,000 रुपये बरामद किए गए हैं।

पुलिस टीम द्वारा तीनों आरोपियों से चोरीशुदा चांदी के आभूषण, वारदात में प्रयोग की गई गाड़ी तथा नकदी सहित कुल 7,15,000/- रुपये की बरामदगी की गई है।

आर्थिक तंगी के चलते बनाई थी चोरी की योजना:

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपियों ने आर्थिक तंगी के चलते चोरी की वारदात को अंजाम देने की योजना बनाई थी। पुलिस द्वारा मामले में आरोपियों की भूमिका तथा चोरीशुदा आभूषणों की बरामदगी के संबंध में आगे की जांच की जा रही है।

पुलिस टीम द्वारा गिरफ्तार तीनों आरोपियों को माननीय न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जिला कारागार भेजने के आदेश दिए गए हैं। वहीं, मामले में नामजद अन्य आरोपी गुलशन की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों द्वारा प्रयास किए जा रहे हैं। उसे भी जल्द गिरफ्तार करने के लिए प्रभावी कार्रवाई की जा रही है।