विधायक सर्राफ ने नागरिक अस्पताल में कर्मचारियों व कार्यकर्ताओं संग सुनी प्रधानमंत्री मोदी की मन की बात
 

देश की सकारात्मकता, नवाचार और सेवा भावना को एक सूत्र में पिरोने का महा अभियान है मन की बात कार्यक्रम : विधायक घनश्याम सर्राफ
 
 
राष्ट्र सेवा प्रेरणा

भिवानी, 28 जून : स्थानीय चौधरी बंसीलाल नागरिक अस्पताल में रविवार को उस समय एक नई ऊर्जा का संचार देखने को मिला, जब भिवानी के विधायक घनश्याम सर्राफ ने स्वास्थ्य विभाग के चिकित्सकों, पैरामेडिकल स्टाफ, स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं और गणमान्य नागरिकों के साथ बैठकर देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मन की बात कार्यक्रम को सुना। कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री द्वारा देश के विभिन्न हिस्सों से सामने आई प्रेरक कहानियों और सकारात्मक प्रयासों की चर्चा को सभी ने बेहद ध्यानपूर्वक सुना। यह जानकारी देते हुए भाजपा स्वच्छता विभाग के जिला संयोजक रमेश सैनी एवं पर्यावरण प्रहरी विजय सिंहमार ने बताया कि मन की बात की समाप्ति के बाद उपस्थित जनसमूह और मीडिया को संबोधित करते हुए विधायक घनश्याम सर्राफ ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन की जमकर सराहना की। इस मौके पर विधायक घनश्याम सर्राफ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का मन की बात कार्यक्रम केवल एक रेडियो प्रसारण नहीं है, बल्कि यह देश के कोने-कोने में छिपी सकारात्मकता, नवाचार और सेवा भावना को एक सूत्र में पिरोने का महा-अभियान है। आज जब हम स्वास्थ्य विभाग के समर्पित कर्मचारियों और कार्यकर्ताओं के साथ यहाँ बैठे हैं, तो हमें यह समझने की प्रेरणा मिलती है कि निस्वार्थ सेवा ही असल राष्ट्र सेवा है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य कर्मी समाज की रीढ़ हैं। कोरोना काल से लेकर आज तक, हमारे डॉक्टरों, नर्सों और स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं ने विपरीत परिस्थितियों में भी जनता की जान बचाने और स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने के लिए दिन-रात एक किया है। प्रधानमंत्री के प्रेरक वचन हमें याद दिलाते हैं कि यदि हम सब मिलकर छोटे-छोटे सकारात्मक प्रयास करें, तो भारत को एक स्वस्थ, समृद्ध और आत्मनिर्भर राष्ट्र बनने से कोई नहीं रोक सकता। भिवानी की जनता और हमारा स्वास्थ्य विभाग इस दिशा में पूरी प्रतिबद्धता के साथ आगे बढ़ रहा है। इस अवसर पर पीएमओ डा. बलवान सिंह, डा. आशीष, डा. जगदीश, आनंद तंवर, सत्यनारायण गुज्जर, सुनील जांगड़ा, सुनील मोनिया, रिंकू ख्यालीराम, सहित अनेक कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।