Cell Review Meeting News 2026: विधवा महिलाओं की समस्याओं का प्राथमिकता से हो समाधान: सीजेएम पवन कुमार ने दिए विभागों को सख्त निर्देश
विधवा महिलाओं को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के साथ उनकी समस्याओं का प्राथमिकता से करें समाधान: सीजेएम पवन कुमार
विधवा सेल की मासिक समीक्षा बैठक में सीजेएम पवन कुमार ने संबंधित विभागों को दिए जरूरी निर्देश
भिवानी, 19 नवंबर। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव एवं मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी (सीजेएम) पवन कुमार की अध्यक्षता में विधवा सेल की ऑनलाइन मासिक समीक्षा बैठक का आयोजन हुआ। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को विधवा महिलाओं के कल्याण, उनके अधिकारों की सुरक्षा तथा सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
सीजेएम पवन कुमार ने जिला स्तर पर विधवा सेल के माध्यम से विधवा महिलाओं को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाने तथा उनके अधिकार सुनिश्चित करने के लिए किए जा रहे कार्यों की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने कहा कि विधवा सेल का मुख्य उद्देश्य विधवा महिलाओं के जीवन स्तर में सुधार लाना और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के लिए हरसंभव सहायता उपलब्ध करवाना है।

उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा विधवा महिलाओं के कल्याण के लिए पेंशन एवं ऋण सहित विभिन्न योजनाएं चलाई जा रही हैं। संबंधित विभाग यह सुनिश्चित करें कि पात्र महिलाओं को इन योजनाओं का लाभ समय पर मिले। उन्होंने जिला समाज कल्याण विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि यदि किसी विधवा महिला या उसके बच्चों की पेंशन से संबंधित आवेदन में कोई कमी है तो उन्हें फोन के माध्यम से इसकी सूचना दी जाए और आवश्यक दस्तावेजों एवं कमियों को पूरा करवाकर पेंशन संबंधी प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जाए।
सीजेएम ने वन स्टॉप सेंटर के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे विधवा महिलाओं एवं उनके बच्चों को उपलब्ध करवाई जाने वाली सुविधाओं और सहायता के बारे में विस्तार से जानकारी दें। उन्होंने वन स्टॉप सेंटर में विधवा महिलाओं के लिए अलग से हेल्प डेस्क स्थापित करने के निर्देश भी दिए, ताकि उनकी शिकायतों को दर्ज कर उनका प्राथमिकता के आधार पर समाधान करवाया जा सके। इसके अलावा बैंकों के माध्यम से विधवा महिलाओं को ऋण संबंधी योजनाओं का लाभ दिलवाने तथा लोन स्वीकृत करवाने में आवश्यक सहयोग प्रदान करने के निर्देश दिए।
बैठक में पुलिस विभाग, स्वास्थ्य विभाग, एसडीएम कार्यालय, वन स्टॉप सेंटर, महिला एवं बाल विकास विभाग तथा समाज कल्याण विभाग सहित विभिन्न संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।