भाजपा की तानाशाही के खिलाफ भिवानी में सडक़ों पर भडक़ा कांग्रेस का आक्रोश
राहुल गांधी को हिरासत में लेने पर भिवानी में कांग्रेस की हुंकार, कहा : विपक्ष को दबाओगे तो सडक़ों पर धधकेंगे अंगारे
अपने हकों की बात शांतिपूर्ण तरीके से रख रहे 18-19 वर्ष के युवाओं पर बर्बरतापूर्ण लाठियां बरसाना तानाशाही की पराकाष्ठा : कांग्रेस नेता
पेपर लीक और भ्रष्टाचार का जहरीला कॉकटेल बनाकर युवाओं को अनपढ़-बेरोजगार बना रही सरकार : कांग्रेस नेता
सिस्टम के फेलियर और नेताओं की दलाली की बलि चढ़ रहे लाखों होनहार युवा, इस्तीफा दे केंद्रीय शिक्षा मंत्री : कांग्रेस नेता
नेता प्रतिपक्ष की आवाज दबाने वाली अहंकारी सत्ता के सामने आम नागरिक कुछ नहीं : कांग्रेस नेता
विपक्ष की आवाज दबाई तो थमने नहीं देंगे आंदोलन, भाजपा के तानाशाही साम्राज्य को उखाड़ फेंकेंगे : कांग्रेस नेता
भिवानी, 22 जुलाई : देश की राजधानी से उठी युवाओं के हकों की लपटें अब भिवानी की सडक़ों पर अंगारे बनकर धधक रही हैं। भाजपा की तानाशाही, घमंड और युवा विरोधी नीतियों के खिलाफ हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर बुधवार को भिवानी में कांग्रेस कार्यकर्ताओं का प्रचंड गुस्सा देखने को मिला। छात्रों और युवाओं के लोकतांत्रिक अधिकारों पर चलाए जा रहे दमनचक्र तथा राहुल गांधी समेत शीर्ष विपक्षी नेताओं को असंवैधानिक रूप से हिरासत में लिए जाने के विरोध में कांग्रेस ने शहर भर में उग्र प्रदर्शन किया और उपायुक्त के माध्यम से राष्ट्रपति को ज्ञापन सौंपा। इस विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व कांग्रेस के ग्रामीण जिला अध्यक्ष अनिरूद्ध चौधरी एवं शहरी जिला अध्यक्ष प्रदीप गुलिया जोगी ने किया। उनके नेतृत्व में युवा कांग्रेस, एनएसयूआई, महिला कांग्रेस, सेवा दल और कांग्रेस के सभी अग्रिम संगठनों के कार्यकर्ताओं का एक विशाल हुजूम सडक़ों पर उतरा। युवाओं के भविष्य के साथ हो रहे खिलवाड़ को लेकर कार्यकर्ताओं का रोष सातवें आसमान पर नजर आया।
लघु सचिवालय पर प्रदर्शनकारियों को संबोधित करते हुए ग्रामीण जिला अध्यक्ष अनिरूद्ध चौधरी एवं शहरी जिला अध्यक्ष प्रदीप गुलिया जोगी ने भाजपा सरकार पर तीखे हमले बोले। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार से शांतिपूर्ण तरीके से अपनी बात रखने वाले 18-19 वर्ष तक के युवाओं पर बर्बरतापूर्ण लाठियां बरसाई गई, उससे स्पष्ट है कि भाजपा सरकार तानाशाही और अहंकार की पराकाष्ठा पार कर चुकी है। इसे देश के युवाओं के भविष्य और उनके सपनों की रत्ती भर भी परवाह नहीं है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार पेपर लीक और भ्रष्टाचार का एक ऐसा जहरीला कॉकटेल तैयार कर रही है, जिसने लाखों होनहार युवाओं के भविष्य को अधर में लटका दिया है। भाजपा का स्पष्ट एजेंडा देश के युवाओं को अनपढ़ और बेरोजगार रखकर भारत को दशकों पीछे धकेलना है, लेकिन कांग्रेस इस घटिया और क्रूर साजिश को कभी कामयाब नहीं होने देगी!
अनिरूद्ध चौधरी व प्रदीप गुलिया जोगी ने व्यवस्थागत विफलता और भ्रष्टाचार पर सीधा हमला बोलते हुए मांग की कि लाखों छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ करने वाले सिस्टम पर गाज गिरनी चाहिए। जोगी ने स्पष्ट कहा कि इस पूरे घोटाले और युवाओं के दमन की नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए शिक्षा मंत्री को तुरंत अपने पद से इस्तीफा देना चाहिए। उन्होंने कहा कि नेताओं के भ्रष्टाचार और प्रशासनिक नाकामी की बलि देश के बेकसूर युवाओं को नहीं चढऩे दिया जाएगा।
प्रधानमंत्री आवास के बाहर से नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और अन्य वरिष्ठ नेताओं को पुलिस द्वारा हिरासत में लिए जाने की घटना पर अनिरूद्ध चौधरी एवं प्रदीप गुलिया जोगी का गुस्सा फूट पड़ा। उन्होंने इस कार्रवाई की कड़े से कड़े शब्दों में निंदा करते हुए कहा कि जब इस देश में नेता प्रतिपक्ष तक को जनहित और युवाओं के मुद्दों पर आवाज उठाने का हक नहीं दिया जा रहा, जब मुख्य विपक्षी नेता को असंवैधानिक तरीके से हिरासत में ठोंक दिया जाता है, तो इस अहंकारी भाजपा सरकार के सामने एक आम नागरिक की हैसियत ही क्या रह जाती है। भाजपा का असली चेहरा अब बेनकाब हो चुका है, ये पूरे देश को गूंगा और बहरा बना देना चाहते हैं ताकि इनकी क्रूरता और तानाशाही के खिलाफ कोई एक शब्द भी न बोल सके।
शहर भर में जोरदार नारेबाजी और प्रदर्शन करते हुए कांग्रेस का यह विशाल जत्था लघु सचिवालय पहुंचा, जहां उन्होंने राष्ट्रपति के नाम उपायुक्त को ज्ञापन सौंपा। कांग्रेस नेताओं ने दो टूक शब्दों में चेतावनी दी कि यदि युवाओं के लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन बंद नहीं हुआ, पेपर लीक के दोषियों पर सख्त कार्रवाई नहीं की गई और विपक्ष की आवाज को दबाने की कोशिशें तुरंत नहीं रुकीं तो यह आंदोलन केवल सडक़ों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि भाजपा के इस तानाशाही साम्राज्य की ईंट से ईंट बजा दी जाएगी।

