भाजपा राज में बूंद-बूंद को तरसा शहर
 

भिवानी शहर में बढ़ती पेयजल समस्या के खिलाफ फूटा जिला कांग्रेस कमेटी का गुस्सा
 
 
हरियाणा पानी की समस्या

पेयजल समस्या के विरोध में कांग्रेस ने प्रदर्शन किया जनस्वास्थ्य विभाग कार्यालय का किया घेराव
पूंजीपतियों की तिजोरियां भरने में व्यस्त सरकार, प्यासी जनता की सुध लेने वाला कोई नहीं : प्रदीप जोगी
कांग्रेस नेताओं का आरोप : हफ्तों से ठप है सप्लाई जो आ रहा वो भी जहरीला और दूषित पानी
भाजपा के अच्छे दिन के दावों के बीच बूंद-बूंद को मोहताज हुए भिवानीवासी : प्रदीप जोगी 


भिवानी, 06 मई : भिवानी शहर में गहराते पेयजल संकट और सत्तासीन भाजपा सरकार की संवेदनहीनता के खिलाफ बुधवार को जिला कांग्रेस कमेटी का गुस्सा सडक़ों पर फूट पड़ा। शहर के प्यासे कंठों की आवाज बुलंद करते हुए कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के कार्यालय का घेराव कर चेतावनी दी। प्रदर्शन का नेतृत्व कांग्रेस के शहरी जिला अध्यक्ष प्रदीप जोगी ने किया। इस अवसर पर भारी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे, जिन्होंने एक सुर में पानी दो या गद्दी छोड़ो के नारे बुलंद किए। 


     विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे कांग्रेस शहरी जिला अध्यक्ष प्रदीप जोगी ने सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि भाजपा शासन में आमजन को पानी जैसी मूलभूत सुविधाओं के लिए भी दर-दर भटकना पड़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार का पूरा ध्यान केवल पूंजीपतियों की तिजोरियां भरने पर है, जबकि आम नागरिक भीषण गर्मी में पानी की एक-एक बूंद के लिए त्राहि-त्राहि कर रहा है। उन्होंने कहा कि एसई ने आश्वासन दिया है कि शाम तक पानी सप्लाई होगा, जिसके बाद वे कहना चाहते है कि यदि शाम तक पानी नहीं आता है तो वे अगले रोज जनस्वास्थ्य विभाग को ताला जडऩे पर मजबूर होंगे, क्योंकि जब विभाग लोगों को पानी ही मुहैया नहीं करवा पा रहा तो ऐसे विभाग के कार्यालय का होने का औचित्य ही नहीं बनता। 


     उन्होंने सरकार और प्रशासन को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि भाजपा के इस कुशासन में नागरिक बूंद-बूंद पानी के लिए तरस रहे हैं। स्थिति इतनी भयावह हो चुकी है कि लोगों को अपना कंठ गीला करने तक के लिए पानी नसीब नहीं हो रहा है। शहर की दर्जनों कॉलोनियां ऐसी हैं जहां हफ़्तों से सप्लाई ठप है और जहां पानी आ भी रहा है, वहां जहरीला और दूषित पेयजल भेजकर लोगों के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है।
      उन्होंने अफसरशाही पर हमला बोलते हुए कहा कि सरकार का अधिकारियों पर कोई नियंत्रण नहीं रह गया है। जब प्यासी जनता अपनी समस्या लेकर अधिकारियों को फोन करती है, तो साहब फोन उठाना तक मुनासिब नहीं समझते। उन्होंने चेतावनी दी ििक पानी जैसी बुनियादी जरूरत को रोककर सरकार आम जन पर अत्याचार कर रही है जिसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।


     कांग्रेस नेताओं ने दो टूक शब्दों में कहा कि यदि जल्द शहर की पेयजल व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया और दूषित पानी की समस्या का समाधान नहीं हुआ तो कांग्रेस पार्टी चुप नहीं बैठेगी। उन्होंने चेतावनी दी कि इसके बाद शहर के हर कोने में चक्का जाम किया जाएगा और इस गूंगी-बहरी सरकार की ईंट से ईंट बजा दी जाएगी। इस अवसर पर संजय गांधी, संजीव जागलान, संजय जोगी, अनुप बड़ेसरा, बलबीर सरोहा, कैप्टन विरेंद्र फौजी, डा. फूल सिंह धनाना, लक्ष्मण वर्मा, देवा हालुवास, सत्यवान, ईश्वर शर्मा, विजेंद्र सिवाच, नरेश तंवर जीएम, शिवकुमार चांगिया, प्रकाश भाट, रामोतार खोरडा, भूपेंद्र खटक वकील, सूरज्र विरेंद्र बापोड़ा, मा. बलवंत घणघस, सुनील खिच्ची, सुमित बराड़, राजकुमार, अमित, श्यामलाल चारण सहित अन्य पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।