Bhiwani Court Firing Case: भिवानी कोर्ट परिसर में फायरिंग मामले में हथियार सप्लायर गिरफ्तार, 2 दिन के पुलिस रिमांड पर

भिवानी कोर्ट परिसर में हुई फायरिंग के मुख्य आरोपी संदीप को सीआईए प्रथम ने गुरुग्राम से गिरफ्तार कर रिमांड पर लिया।
 
हरियाणा क्राइम न्यूज

CIA स्टाफ प्रथम भिवानी ने कोर्ट परिसर में कैंटीन के पास फायरिंग करने वाले आरोपियों को अवैध हथियार उपलब्ध कराने के मामले में एक सप्लायर को किया गिरफ्तार।

आरोपी को माननीय न्यायालय में पेश कर 02 दिन के पुलिस रिमांड पर किया हासिल।

आरोपी पर पूर्व में मारपीट, जान से मारने की धमकी, शस्त्र अधिनियम, लड़ाई झगड़ा, हत्या का प्रयास आदि धाराओं के तहत आठ अभियोग दर्ज हैं।

पुलिस अधीक्षक भिवानी श्री सुमित कुमार, IPS द्वारा जिला पुलिस को संगीन अपराधों में शामिल आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर उनके विरुद्ध प्रभावी कानूनी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। इन्हीं निर्देशों के तहत कार्रवाई करते हुए CIA स्टाफ प्रथम भिवानी की टीम ने कोर्ट परिसर में कैंटीन के पास फायरिंग के मामले में आरोपियों को अवैध हथियार उपलब्ध कराने वाले एक सप्लायर को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।

इस संबंध में CIA स्टाफ प्रथम भिवानी के तत्कालीन प्रभारी द्वारा दी गई शिकायत पर थाना सिविल लाइन भिवानी में अभियोग दर्ज किया गया था। शिकायत में बताया गया था कि उन्हें फोन पर सूचना प्राप्त हुई थी कि दो व्यक्तियों ने अदालत परिसर भिवानी में अरविंद वासी भिवानी पर जान से मारने की नीयत से गोलियां चलाई है। पुलिस टीम के द्वारा मौके पर पहुंचकर घेरा बंदी करके मौके पर आरोपी आयुष व इसराइल को गिरफ्तार किया गया था।

 अभियोग में आगामी कार्रवाई करते हुए दिनांक 11.08. 2026 को CIA स्टाफ प्रथम भिवानी के उप निरीक्षक बलजीत सिंह ने अपनी टीम के साथ कार्रवाई करते हुए अवैध हथियार उपलब्ध कराने के मामले में एक सप्लायर को गुरुग्राम से गिरफ्तार किया है।

गिरफ्तार किए गए आरोपी की पहचान संदीप पुत्र राजकुमार निवासी लोहानी, जिला भिवानी के रूप में हुई है।

 पुलिस टीम द्वारा आरोपी को माननीय न्यायालय में पेश कर 02 दिन के पुलिस रिमांड पर हासिल किया गया है।

इससे पूर्व अभियोग में आयुष पुत्र रमेश निवासी डाबर कॉलोनी, भिवानी तथा इसराइल पुत्र लतीफ निवासी हिंडोल, जिला चरखी दादरी को मौके से गिरफ्तार किया गया था। आरोपियों के कब्जे से एक अवैध हथियार बरामद किया गया था।

प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी संदीप ने कोर्ट परिसर में फायरिंग करने वाले आरोपियों को अवैध हथियार उपलब्ध कराया था। पुलिस रिमांड के दौरान आरोपी से अवैध हथियार उपलब्ध कराने के संबंध में तथा हथियार कहां से प्राप्त किए गए और इस मामले से जुड़े अन्य पहलुओं के बारे में गहनता से पूछताछ की जाएगी।

इस मामले में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए भी पुलिस टीमों द्वारा लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर उनके विरुद्ध नियमानुसार प्रभावी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।