Cyber Fraud Case Bhiwani: 3 करोड़ 27 लाख रुपये की ऑनलाइन ठगी मामले में दो आरोपी गिरफ्तार, नागपुर से जुड़े तार

भिवानी में 3.27 करोड़ रुपये की साइबर ठगी मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। नागपुर से जुड़े हैं तार।
 
cyber police Bhiwani news,

थाना साईबर क्राईम भिवानी ने 03 करोड़ 27 लाख रुपये की धोखाधड़ी के मामले में दो आरोपियों को किया गिरफ्तार।

पुलिस टीम ने दोनों आरोपियों को माननीय न्यायालय से प्रोडक्शन वारंट पर गिरफ्तार किया।

दिनांक: 06, सितंबर 2026, भिवानी : पुलिस अधीक्षक भिवानी श्री सुमित कुमार, IPS के निर्देशानुसार जिला पुलिस भिवानी द्वारा साइबर अपराध एवं ऑनलाइन धोखाधड़ी की वारदातों में संलिप्त आरोपियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में थाना साइबर क्राइम भिवानी पुलिस ने 3 करोड़ 27 लाख रुपये की साइबर धोखाधड़ी के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।

शिकायतकर्ता ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसके पास एक अज्ञात मोबाइल नंबर से व्हाट्सऐप पर मैसेज आया। मैसेज करने वाले व्यक्ति ने अपनी डीपी पर एक लड़की का फोटो लगा रखा था और बातचीत के दौरान स्वयं को विदेश में ट्रेडिंग एवं इन्वेस्टमेंट का काम करने वाला बताया। आरोपी ने उसे ऑनलाइन ट्रेडिंग में निवेश कर अधिक मुनाफा कमाने का झांसा दिया तथा एक वेबसाइट का लिंक भेजकर उस पर निवेश करने के लिए कहा।

शिकायतकर्ता के अनुसार आरोपियों ने उससे आधार कार्ड एवं अन्य दस्तावेज लेकर यूजर आईडी बनाई तथा निवेश के नाम पर उसके बैंक खाते में अलग-अलग समय पर रकम जमा करवाते रहे। आरोपी उसे खाते में मुनाफे की राशि दिखाई देते रहे, जिससे उसे विश्वास हो गया कि उसका पैसा निवेश किया जा रहा है। इसके बाद शिकायतकर्ता ने 17 सितंबर 2025 से 24 अक्टूबर 2025 के बीच अपने बैंक खाते से कुल 19 ट्रांजेक्शन के माध्यम से करीब 03 करोड़ 27 लाख रुपये आरोपियों द्वारा बताए गए खातों में ट्रांसफर कर दिए।

बाद में जब शिकायतकर्ता ने अपनी निवेश की गई राशि वापस निकालने का प्रयास किया तो राशि नहीं निकली। इस पर उसे अपने साथ हुई बड़ी ऑनलाइन धोखाधड़ी का पता चला। शिकायतकर्ता ने मामले की शिकायत पुलिस को दी जिस पर थाना साइबर क्राइम भिवानी में मुकदमा नंबर 55 दिनांक 30.10.2025 दर्ज किया गया।

अभियोग में प्रभावी कार्रवाई करते हुए दिनांक 05.09.2026 को थाना साइबर क्राइम भिवानी के एएसआई विजय कुमार ने अभियोग में शामिल दो आरोपियों को माननीय न्यायालय से प्रोडक्शन वारंट हासिल कर गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की।

गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान रोहित पुत्र राजेश तथा स्वप्निल पुत्र प्रहलाद, निवासी नियर अंबेडकर स्टैच्यू, सुभाष मार्ग, नागपुर, महाराष्ट्र के रूप में हुई है।

दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में पेश किया गया, जहां से माननीय न्यायालय द्वारा आरोपियों को जिला कारागार नागपुर भेजने के आदेश दिए गए।

पुलिस टीम द्वारा इस अभियोग में अब तक कुल 09 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। अभियोग में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए भी पुलिस टीम द्वारा लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।