Bhiwani Cyber Crime News: एसबीआई बैंक अधिकारी बनकर की थी ठगी, पुलिस ने बुलंदशहर के दो आरोपियों को किया अरेस्ट
थाना साईबर क्राईम पुलिस ने जान-पहचान बनाकर फेसबुक रिक्वेस्ट भेजने के बाद 02 लाख 75 हजार रुपये की साईबर धोखाधड़ी करने के मामले में दो आरोपियों को किया गिरफ्तार।
पुलिस टीम ने आरोपी पुलकित को 02 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया।
दिनांक: 04, सितंबर 2026 : पुलिस अधीक्षक भिवानी श्री सुमित कुमार, आईपीएस द्वारा जिला पुलिस को निर्देश दिए गए थे कि नागरिकों के साथ ऑनलाइन साइबर धोखाधड़ी करने वाले आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाए तथा साईबर अपराधों के विरुद्ध प्रभावी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाए। इन्हीं निर्देशों के तहत कार्रवाई करते हुए थाना साईबर क्राईम पुलिस भिवानी ने 2 लाख 75 हजार रुपये की साईबर धोखाधड़ी के मामले में वांछित दो आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।
मामले के संबंध में जितेंद्र निवासी मुंढाल खुर्द, जिला भिवानी ने थाना साईबर क्राईम भिवानी में शिकायत दी थी कि दिनांक 09.08.2026 को उसके फेसबुक अकाउंट पर एक आईडी से फ्रेंड रिक्वेस्ट आई, जिसे उसने एक्सेप्ट कर लिया। इसके बाद दोनों के बीच बातचीत शुरू हो गई।
शिकायतकर्ता के अनुसार बातचीत के दौरान उक्त महिला ने उसे बताया कि उसके पास कुछ रुपये हैं, जो वापस आने पर वह उससे ले सकती है। इसके बाद उसने शिकायतकर्ता से आधार कार्ड मांगा। शिकायतकर्ता ने अपना आधार कार्ड उसके पास भेज दिया। कुछ समय बाद उसके पास अलग-अलग नंबरों से संदेश आने लगे और उसे बताया गया कि उसने उनके पास रुपये मंगवाए हैं तथा यदि रुपये वापस नहीं किए तो उसका पासपोर्ट कैंसिल करवा दिया जाएगा और उसे जेल भी हो सकती है। इसके बाद साइबर ठगों ने शिकायतकर्ता को 2 लाख 55 हजार रुपये का इंतजाम करने के लिए कहा तथा अलग-अलग व्हाट्सऐप नंबरों पर पैसे भेजने के निर्देश दिए। शिकायतकर्ता ने आरोपियों द्वारा बताए गए खातों/स्कैनर पर अलग-अलग ट्रांजेक्शन के माध्यम से कुल 2 लाख 75 हजार रुपये भेज दिए।
बाद में शिकायतकर्ता के पास कॉल आई। कॉल करने वाले ने स्वयं को एसबीआई बैंक से संबंधित बताते हुए कहा कि उसके खाते से पैसे होल्ड हो गए हैं। इस पर शिकायतकर्ता को अपने साथ हुई साइबर ठगी का पता चला। शिकायतकर्ता ने तत्काल 1930 साईबर हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज करवाई।
थाना साईबर क्राईम भिवानी के एएसआई प्रदीप कुमार की टीम ने अभियोग में प्रभावी कार्रवाई करते हुए दिनांक 03.09. 2026 को अभियोग में वांछित दो आरोपियों को भिवानी से गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान:
1. हर्षित पुत्र अनिल, निवासी बराल, जिला बुलंदशहर, उत्तर प्रदेश।
2. पुलकित पुत्र जितेंद्र, निवासी बराल, जिला बुलंदशहर, उत्तर प्रदेश।
पुलिस पूछताछ में आरोपी हर्षित ने बताया कि शिकायतकर्ता से धोखाधड़ी करके प्राप्त रकम में से 90,000 रुपये उसके खाते में आए थे, जिन्हें उसने खाते से निकलवाकर आरोपी पुलकित को दे दिया था। आरोपी पुलकित ने उसमें से 4,000 रुपये अपने हिस्से के रखकर शेष रकम आगे अन्य आरोपियों तक पहुंचा दी।
दोनों आरोपियों को आज माननीय न्यायालय में पेश किया गया। माननीय न्यायालय द्वारा आरोपी हर्षित को जमानत पर रिहा किया गया, जबकि पुलिस टीम द्वारा आरोपी पुलकित को 02 दिन के पुलिस रिमांड पर हासिल किया गया है।
रिमांड अवधि के दौरान आरोपी पुलकित से गहनता से पूछताछ कर साइबर ठगी में शामिल अन्य आरोपियों, रकम के लेन-देन तथा घटना में प्रयुक्त अन्य संसाधनों के संबंध में जानकारी हासिल की जाएगी। अभियोग में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए भी प्रयास जारी हैं।