Bhiwani Cyber Fraud: शेयर मार्केट में निवेश के नाम पर ₹7.74 लाख की ठगी; दिल्ली से आरोपी गिरफ्तार

भिवानी पुलिस ने शेयर मार्केट में निवेश के नाम पर ₹7.74 लाख ठगने वाले आरोपी रॉबिन को दिल्ली से किया गिरफ्तार। ₹4000 के लालच में साइबर ठगों को दिया था अपना बैंक खाता।

 
Cyber Fraud Arrest Bhiwani

थाना साईबर क्राईम भिवानी ने शेयर मार्केट में इन्वेस्टमेंट के नाम पर ₹ 7,74,000/- रुपए की साईबर धोखाधड़ी करने के मामले में एक आरोपी को किया गिरफ्तार।*

पुलिस अधीक्षक भिवानी सुमित कुमार के द्वारा जिला पुलिस को जिले में आम नागरिकों से साईबर धोखाधड़ी करने वाले आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर उनके विरुद्ध प्रभावी कानूनी कार्रवाई अमल में लाने के निर्देश दिए गए थे। इन्हीं निर्देशों के तहत कार्रवाई करते हुए थाना साईबर क्राईम भिवानी ने शेयर मार्केट में इन्वेस्टमेंट के नाम पर लाखों रुपये की साइबर धोखाधड़ी करने के मामले में आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।

शिकायतकर्ता हरदीप निवासी बिधवान ने थाना साईबर क्राईम भिवानी में शिकायत दर्ज करवाई थी। शिकायतकर्ता ने पुलिस को बताया कि दिनांक 09.10.2025 को फेसबुक देखते समय उसे एक विज्ञापन दिखाई दिया। विज्ञापन पर क्लिक करने के बाद वह एक टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ गया। इसके बाद आरोपियों द्वारा उसे इंटरनेशनल शेयर मार्केट में निवेश करने के नाम पर लुभावने ऑफर दिए गए तथा अलग-अलग तिथियों में कुल ₹ 7,74,000/- रुपए अपने खातों में ट्रांसफर करवा लिए गए। बाद में शिकायतकर्ता को पता चला कि उसके साथ शेयर मार्केट में निवेश के नाम पर साईबर धोखाधड़ी की गई है। शिकायत पर थाना साईबर क्राइम भिवानी में संबंधित धाराओं के तहत अभियोग दर्ज किया गया था।

दिनांक 18.05.2026 को मामले में प्रभावी कार्रवाई करते हुए थाना साईबर क्राईम भिवानी के मुख्य सिपाही अमरजीत ने आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की। 

गिरफ्तार किए गए आरोपी की पहचान रॉबिन पुत्र हंसराज निवासी खानपुर, साउथ दिल्ली के रूप में हुई है।

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह दिल्ली में रेहड़ी लगाने का काम करता है तथा उसने अपना बैंक खाता ₹ 4,000/- रुपए में साईबर अपराधियों को उपलब्ध करवाया था। ऑनलाइन धोखाधड़ी की गई राशि आरोपी रॉबिन के बैंक खाते में डाली गई थी।

पुलिस टीम द्वारा आरोपी को माननीय न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायालय के आदेशानुसार उसे जिला कारागार भेज दिया गया। मामले में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम द्वारा लगातार प्रयास किए जा रहे हैं, जिन्हें शीघ्र गिरफ्तार किया जाएगा।