भिवानी साइबर पुलिस का एक्शन: अवैध तरीके से म्यांमार भेजने वाला दूसरा आरोपी गिरफ्तार
भिवानी साइबर क्राइम थाना पुलिस ने थाईलैंड में नौकरी का झांसा देकर म्यांमार के जंगलों में बंधक बनाने वाले रैकेट के दूसरे आरोपी आशीष को किया गिरफ्तार। मुख्य आरोपी पहले ही जेल में।
थाना साईबर क्राइम भिवानी ने अवैध तरीके से विदेश भेजने के मामले में आरोपी को किया गिरफ्तार
पुलिस अधीक्षक भिवानी सुमित कुमार के निर्देशानुसार विदेश में नौकरी दिलाने के नाम पर युवाओं को बहला-फुसलाकर अवैध रूप से विदेश भेजने वाले फर्जी एजेंटों के खिलाफ जिला पुलिस द्वारा सख्त कार्रवाई की जा रही है।
इसी क्रम में थाना साईबर क्राइम भिवानी ने अवैध तरीके से विदेश भेजने के मामले में दूसरे आरोपी को गिरफ्तार किया है।
अंकुश निवासी रतेरा ने थाना साईबर क्राइम भिवानी में शिकायत दर्ज करवाई थी। शिकायतकर्ता ने बताया कि वह हिसार में जोमैटो राइडर का कार्य करता था। उसके एक साथी ने उसे बताया कि सोनू निवासी बगला, जिला हिसार विदेश में नौकरी दिलवाने का काम करता है। इसके बाद शिकायतकर्ता की आरोपी सोनू से मोबाइल फोन पर बातचीत हुई, जिसमें आरोपी ने उसे थाईलैंड में डाटा ऑपरेटर की नौकरी दिलाने का झांसा दिया। आरोपी द्वारा शिकायतकर्ता को दिनांक 29.05.2025 को बैंकॉक भेजा गया, जहां से उसे अवैध तरीके से जंगल के रास्ते म्यांमार भेज दिया गया। वहां पहुंचने के बाद जब शिकायतकर्ता ने वापस घर जाने की बात कही तो आरोपियों द्वारा उससे पैसों की मांग की गई तथा जान से मारने की धमकी भी दी गई। शिकायत के आधार पर थाना साईबर क्राइम भिवानी में संबंधित धाराओं के तहत अभियोग दर्ज किया गया।
दिनांक 20 मई 2026 को थाना साईबर क्राइम भिवानी के सहायक उप निरीक्षक प्रदीप कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए नौकरी दिलाने का झांसा देकर अवैध रूप से विदेश भेजने के मामले में दूसरे आरोपी को माननीय न्यायालय से प्रोडक्शन वारंट हासिल कर गिरफ्तार किया गया है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान आशीष पुत्र संजय आदमपुर मंडी, जिला हिसार के रूप में हुई है।
पुलिस द्वारा पूछताछ में आरोपी आशीश ने बतलाया कि वह युवाओं को विदेश में नौकरी दिलाने के नाम पर बहला फुसलाकर आरोपी सोनू से मिलवाता था आरोपी आशीष पर जिला सिरसा में पहले भी एक धोखाधड़ी का मामला दर्ज है पुलिस टीम के द्वारा अभियोग में मुख्य आरोपी सोनू निवासी बगला जिला हिसार को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है आरोपी आशीष को पेश माननीय न्यायालय में किया गया जहां माननीय न्यायालय ने आरोपी को जिला कारागार भेजने के आदेश दिए।
जिला पुलिस भिवानी आम नागरिकों, विशेषकर युवाओं से अपील करती है कि विदेश भेजने के नाम पर किसी भी अनजान व्यक्ति या फर्जी एजेंट के झांसे में न आएं। विदेश जाने के लिए संबंधित देश की एंबेसी व अधिकृत माध्यमों से ही संपर्क करें। यदि किसी नागरिक के साथ इस प्रकार की धोखाधड़ी होती है तो तुरंत संबंधित पुलिस थाना में शिकायत दर्ज करवाएं, ताकि दोषियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जा सके।

