थाना साईबर क्राईम पुलिस ने शेयर मार्केट में इन्वेस्टमेंट के नाम पर 20 लाख 50 हजार रुपये की साइबर धोखाधड़ी करने के मामले में आरोपी को किया गिरफतार।
पुलिस अधीक्षक भिवानी श्री सुमित कुमार के निर्देशानुसार जिले में साईबर धोखाधड़ी करने वाले आरोपियों के विरुद्ध प्रभावी कानूनी कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में कार्रवाई करते हुए थाना साइबर क्राइम पुलिस भिवानी ने शेयर मार्केट में निवेश के नाम पर लाखों रुपये की धोखाधड़ी करने के मामले में गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश कर जिला कारागार भिजवाने में सफलता हासिल की है।
मामले के संबंध में भिवानी निवासी एक व्यक्ति ने शिकायत दर्ज करवाई थी कि अज्ञात आरोपियों ने टेलीग्राम के माध्यम से उससे संपर्क किया और स्वयं को शेयर मार्केट में निवेश का विशेषज्ञ बताते हुए अधिक मुनाफा दिलाने का झांसा दिया। आरोपियों ने शिकायतकर्ता को बैंक खातों में अलग-अलग ट्रांजैक्शनों के माध्यम से कुल 20 लाख 50 हजार रुपये निवेश करवाए। इसके बाद न तो शिकायतकर्ता को कोई मुनाफा दिया गया और न ही उसकी निवेश राशि वापस की गई। शिकायत के आधार पर थाना साईबर क्राइम भिवानी में संबंधित धाराओं के तहत अभियोग दर्ज किया गया था।
मामले में प्रभावी कार्रवाई करते हुए थाना साइबर क्राइम भिवानी के मुख्य सिपाही रफीक ने दिनांक 05.06.2026 को एक आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की थी।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान चरचील पुत्र रामदयाल निवासी कीर्ति नगर, जयपुर (राजस्थान) के रूप में हुई।
पुलिस टीम द्वारा आरोपी को माननीय न्यायालय में पेश कर 05 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया था।
रिमांड अवधि के दौरान आरोपी से गहनता से पूछताछ की गई तथा साईबर धोखाधड़ी से संबंधित कई महत्वपूर्ण दस्तावेज पुलिस ने अपने कब्जे में लिए। जांच में सामने आया कि आरोपी एक बैंक खाता धारक है जिसने साईबर धोखाधड़ी में प्रयुक्त अपना बैंक खाता अन्य आरोपियों को उपलब्ध करवाया था, जिसके बदले उसे 01 लाख रुपये प्राप्त हुए थे।
पुलिस रिमांड अवधि पूर्ण होने के पश्चात आरोपी को पुनः माननीय न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जिला कारागार भेजने के आदेश दिए गए। वहीं मामले में संलिप्त अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस द्वारा लगातार प्रयास किए जा रहे हैं और उन्हें भी शीघ्र गिरफ्तार किया जाएगा।

